आगरा, ब्यूरो। पूरे देश में इस समय त्योहारों का सीजन जारी है, जहां खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। इसी की वजह से उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में इस समय ट्रैफिक पुलिस काफी एक्टिव है, जहां उसका चेकिंग अभियान जारी है।
इस अभियान में उसने मंगलवार को 3655 वाहनों का चालान किया है, साथ ही स्टंट करने वाले युवकों पर जमकर कार्रवाई भी की है और कई वाहनों को सीज किया है। पुलिस ने जिन जगहों पर सबसे ज्यादा चेकिंग की, उसमें हरिपर्वत चौराहा, भगवान टाकीज चौराहा और क्लब चौराहा शामिल है।
इस दौरान 1315 वाहनों के चालान काटे गए। तीन वाहन सीज किए गए। पुलिस के इस एक्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को टीएसआई पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी के पास प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि नाई की सराय में रहने वाले लवकुश बघेल भाजपा कार्यकर्ता हैं।
वह सुबह करीब 11 बजे टेढ़ी बगिया स्थित शिवशंकर मिष्ठान की दुकान पर मिठाई खरीद रहे थे और उन्होंने अपनी कार दुकान के सामने ही खड़ी कर दी थी। इस बीच यातायात उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कार का फोटो ले लिया और उसका चालान करने लगे। इसके बाद लवकुश ने निवेदन किया, जिसके बाद उन्हें टेढ़ी बगिया चौकी बूथ पर ले जाया गया।
उन्होंने चौकी में पुलिस पर आरोप लगाया कि उनसे दो हजार रुपये की मांग की है, जहां मना करने पर उनकी पिटाई कर दी गई। इस मामले की जानकारी मिलते ही महानगर सह संयोजक धर्मेश चौहान, जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन धनगर, आकाश बघेल, गोपाल धनगर व अन्य कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- गंभीर बीमारी में इलाज के लिए मिलेगी 5 लाख की आर्थिक मदद... UP के शिक्षकों ने शुरू की 'जीवन दान योजना'