
डिजिटल डेस्क मेरठ। प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे पति की हत्या करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को देवर और भाभी को जेल भेज दिया। सदर के सुल्तानपुरा निवासी अमित उर्फ सोलू का शव बुधवार को चिरौटी बाग की झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अमित के छोटे भाई भोले को हिरासत में लिया, जिसके बाद इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल अमित की पत्नी खुशी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में खुशी ने बताया कि छह महीने पहले अमित के साथ उसका रिश्ता तय हुआ था। इसी दौरान उसने अपने देवर भोले का नंबर ले लिया और दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर चैटिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते यह दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल गई और खुशी, अमित की जगह अपने देवर भोले को पसंद करने लगी। अमित से शादी होने के बाद भी देवर-भाभी के अवैध संबंध बरकरार रहे।
दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे, लेकिन अमित के रहते यह मुमकिन नहीं था। इसलिए दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि खुशी बेहद शातिर है; उसने दो महीने पहले भी अमित की रोटी में चूहा मारने की दवा मिलाकर उसे जान से मारने की कोशिश की थी। हालांकि, उस समय दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया और अमित ने खाना नहीं खाया, जिससे उसकी जान बच गई।
लेकिन इस बार आरोपी देवर-भाभी अपने मंसूबों में कामयाब रहे और बुधवार को अमित की हत्या कर दी। इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों (खुशी और भोला) को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।