
काठमांडू। नेपाल में शनिवार को आए भीषण भूकंप के बाद मलबे में तब्दील हुआ ऐतिहासिक धरहरा टॉवर अब भी सेल्फी खींचने और फोटोग्राफी का केंद्र बना हुआ है। टॉवर का निर्माण नेपाल के राजशाही परिवार ने 19वीं सदी में कराया था। मलबे के निकट दर्जनों लोग इकट्ठा होकर स्मार्टफोन से सेल्फी ले रहे हैं। इनमें से अधिकांश स्थानीय लोग शामिल हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में जुटे 21 वर्षीय पवन थापा इससे काफी निराश दिखे। उन्होंने बताया, "यह भूकंप पर्यटन जैसा लगता है जो सही नहीं है। वे लोग इसे त्रासदी मानने के बजाय सेल्फी लेने में ज्यादा रुचि ले रहे हैं।" कुछ लोग तो कैमरे के समक्ष मुस्कुराते हुए सेल्फी या फोटो खींचते देखे गए। भूकंप से नेपाल की सांस्कृतिक विरासत ध्वस्त होने के अलावा सैकड़ों की संख्या में लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।