
वॉशिंगटन। एक अमेरिकी गेमर डार्बिएन ने सुपर मारियो ब्रदर्स गेम को रिकॉर्ड 4 मिनट 57 सेकंड 627 मिलीसेकंड में खत्म करके नया रिकॉर्ड बना लिया है। इससे पहले वर्ष 2014 में i_o_l ने इस गेम को 4 मिनट 57 सेकंड 693 मिलीसेकंड में खत्म करके रिकॉर्ड बनाया था।
डार्बिएन ने 66 मिलीसेकंड पहले सुपर मारियो गेम को खत्म करके पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। Twitch TV द्वारा अपलोड किए गए इस खेल के वीडियो में डार्बिएन को गेम खेलते हुए दिखाया गया है। इस दौरान हर लेवल को पार करने के दौरान उनकी धड़कन और तनाव को साफ देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें : दुनिया का पहला 4k डिसप्ले वाला टफपैड पैनासोनिक ने किया लांच
Twitch TV एक लाइव स्ट्रीमिंग वीडियो प्लेटफार्म है, जिसका मालिकाना हक अमेजन डॉट कॉम के पास है। खेल खत्म होने के बाद डार्बिएन ने रेडिट पर सवालों के जवाब देते हुए बताया कि स्पीड रन के लिए उन्होंने क्या रणनीति बनाई थी। उनका अपना एक यू-ट्यूब चैनल भी है, जिसमें वह नियमित रूप से स्पीड रनिंग के लिए टिप्स और ट्रिक्स को अपलोड करते हैं।
सुपर मारियो ब्रदर्स 1985 का प्लेटफार्म वीडियो गेम है, जिसे निनतेंदो ने विकसित किया था। रेटिंग कंपनी इमेजिन गेम्स नेटवर्क द्वारा टॉप 100 गेम्स की सूची में इस वीडियो गेम को नंबर 1 चुना गया था।
यह भी पढ़ें : ऐपल टीवी के लिए प्री-ऑर्डर शुरू, नौ हजार में मिलेगा