
वॉशिंगटन। अमेरिका का 14 वर्षीय छात्र अहमद मोहम्मद अब पढ़ाई के लिए अपने परिवार के साथ कतर रहने चला गया है। उसने घर पर एक घड़ी बनाई थी, जिसे बम समझकर उसे हथकड़ी लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, पूरा मामला मीडिया में आने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अहमद से मिलकर उसका हौंसला बढ़ाया था।
टेक्कस के रहने वाले निवासी अहमद को कतर फाउंडेशन फॉर एजुकेशन, साइंस एंड कम्युनिटी डेवलपमेंट की ओर से स्कॉलरशिप दी गई है। यह संस्था कार्नेगी मिलेन, टेक्सास एएंडएम, जॉर्जटाउन और नॉर्थवेस्टन सहित अमेरिका की कई यूनिवर्सिटीज के साथ मिलकर काम करती है।
यह भी पढ़ें : हाईस्कूल के छात्र ने हैक किया CIA के डायरेक्टर का ई-मेल
अहमद के परिवार ने कहा कि अहमद की गिरफ्तारी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद हमें सहयोग के जितने प्रस्ताव मिले हैं, उससे हम अभीभूत हैं। परिवार ने बताया कि व्हाइट हाउस से लेकर, सूडान और मक्का तक में व्यापारिक और शैक्षणिक संगठनों और लोगों ने हमारा स्वागत किया।
अहमद को कतर फाउंडेशन में 'युवा आविष्कारक' के रूप में दाखिला मिलेगा और पूरा परिवार उसके साथ कतर में ही रहेगा। अहमद ने बताया कि घूमने के लिए कतर अच्छी जगह है। दोहा की आधुनिकता को देखते हुए मैं उसे बहुत पसंद करता हूं।
यह भी पढ़ें : पुलिस को बीच सड़क पर मिला क्रैश हुआ यूएफओ
अहमद ने कहा कि मैंने वहां बहुत से अच्छे स्कूल देखे, उनमें से कई के परिसर अमेरिका के मशहूर विश्वविद्यालयों जैसे हैं। उनके शिक्षक बहुत अच्छे हैं। मुझे लगता है कि वहां बहुत कुछ सीखने को मिलेगा और मजा भी आएगा।
दरअसल, स्कूल में अहमद की बनाई गई घड़ी को बम समझकर एक शिक्षक ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस अहमद को गिरफ्तार कर हथकड़ी पहनाकर स्कूल से पुलिस थाने ले गई थी। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
कुछ लोगों का कहना था कि अहमद को नाम और धर्म की वजह से निशाना बनाया गया। गिरफ्तारी की घटना के बाद से मोहम्मद के पिता ने उन्हें उनके स्कूल से हटा लिया था।