
लंदन। भारतीय मूल के अमेरिकी लेखक और उपन्यासकार अखिल शर्मा के चर्चित उपन्यास "फैमली लाइफ" को ब्रिटिश फोलियो पुरस्कार के लिए चुना गया है। मैन बुकर प्राइज के विरोध में शुरू किया गया यह पुरस्कार ब्रिटेन में अंग्रेजी भाषा में प्रकाशित फिक्शन श्रेणी की सर्वश्रेष्ठ रचनाओं के लिए दिया जाता है।
दिल्ली में पैदा हुए अखिल शर्मा (43) को अली स्मिथ ने कड़ी टक्कर दी। स्मिथ की रचना "हाउ टू बी बोथ" को गोल्डस्मिथ और कोस्टा नोवेल पुरस्कार मिल चुका है। छह अन्य उपन्यास भी होड़ में शामिल थे। लंदन में एक समारोह में फोलियो सोसाइटी के ज्यां मार्क रथ ने अखिल को ट्रॉफी और 40 हजार पाउंड (37.17 लाख रुपये) नकद देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व चयन समिति के अध्यक्ष एवं लेखक विलियम फिएंस ने सोमवार को इसकी घोषणा की थी।
"फैमली लाइफ" में दिल्ली में जन्मे युवा अजय के जरिये एक भारतीय परिवार की कहानी गढ़ी गई है जो बेहतर जिंदगी की तलाश में दूसरे देश में जाता है। उनकी खोज न्यूयॉर्क के क्वींस में जाकर खत्म होती है। अजय के परिवार में सबकुछ ठीकठाक चल रहा होता है, जब एक दुखद घटना से पूरा परिदृश्य ही बदल जाता है।