
वॉशिंगटन। मुंबई आतंकी हमले के दस साल पूरे होने पर रविवार को अमेरिका ने भारत के प्रति हमदर्दी जताई। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले से संबंधित जानकारी देने वाले को 50 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।
पोम्पियो ने कहा कि मुंबई हमले से संबंधित ऐसी जानकारी देने वाले को पुरस्कार दिया जाएगा जिससे हमले से जुड़े किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी हो सके या पहचान हो सके। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि मुंबई में आतंकी हमले के 10 साल पूरे होने पर संयुक्त राज्य अमेरिका और सभी अमेरिकी नागरिकों की ओर से मैं भारत के नागरिकों और मुंबई शहर के प्रति सहानुभूति जाहिर करता हूं।
पोम्पियो ने कहा कि हम उन लोगों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने इस बर्बर हमले में अपने संबंधियों को खो दिया था। मुंबई में 26/11 को हुए आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। पोम्पियो ने कहा कि हमले के दोषियों को सजा दिलाने के लिए पाकिस्तान पर अमेरिका भी दबाव बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि हमले के 10 साल के बाद भी इसकी साजिश रचने वालों को अभी तक दोषी नहीं ठहराया जा सका है।
उन्होंने कहा कि हम सभी देशों, खासकर पाकिस्तान से कहना चाहते हैं कि वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के दायित्वों को निभाते हुए इस हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करें। इसमें लश्कर ए तोइबा और उससे जुड़े संगठन शामिल हैं। हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए अमेरिका प्रतिबद्ध है।