
मोंटेरियो। आमतौर पर भारत को आस्था-विश्वास और प्राचीन मान्यताओं पर चलने वाला देश माना जाता है। मगर अंधविश्वास किसी एक देश, शहर या प्रांत की सीमाओं तक ही सीमित नहीं ये दर्शाने वाले ऐसे कई मामले हमारे सामने आते रहते है। ऐसे ही एक अजीबोगरीब मामले का गवाह बना है कोलंबिया का मोंटेरियो प्रांत।
यहां एना बेलेस्ट्रोस नामक 18 वर्षीय एक युवती कॉलेज से घर आते वक्त बिजली गिरने का शिकार हो गई। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन असहनीय पीठ दर्द में कोई सुधार नहीं हुआ। दर्द इस हद तक बढ़ चुका था कि एना ठीक से चल भी नहीं पाती थी।
जिसके बाद एना के परिजन ने रिश्तेदारों और पड़ोसियों की सलाह पर शुरू किया एना का अजीबोगरीब इलाज। घर के गार्डन में एक विशाल गड्ढ़ा किया गया। जिसके अंदर एना को डालकर उसे मिट्टी से जिंदा दफन कर दिया जाता। सिर्फ गर्दन ही बाहर खुली हवा में रहती, जिससे एना खुली हवा में सांस ले सके। रिश्तेदारों का मानना था कि मिट्टी में बिजली का प्रभाव खत्म हो जाएगा और एना फिर से पहले की तरह चल-फिर सकेगी।
इस अजीबोगरीब चिकित्सा तकनीक में एना को गड्ढ़े के अंदर 3 घंटे तक रहना होता था। ये प्रकिया सप्ताह में 4 दिन होती थी। एना के मुताबिक, 'डॉक्टर सिर्फ मेडिकल चिकित्सा जानते हैं बिजली चिकित्सा नहीं। गड्ढ़े के अंदर जाकर इलाज करवाना अजीब जरूर है पर मेरी हालत में इससे सुधार है'।
एना की मां मिलेना का कहना है कि जब वो एना को इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर जा रही थी स्थानीयों ने तब ही इस प्राचीनतम पद्धति को इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। अपनी बेटी के दर्द को बयां करते हुए मिलेना आगे कहती है.' मेरी बेटी ठीक से चल तक नहीं सकती। पैरों में जलन इस हद तक बढ़ चुकी थी कि उसका दर्द देखा नहीं जाता था।
वहीं स्थानीय डॉक्टर्स के मुताबिक इस इलाज में किसी तरह का कोई वैज्ञानिक तर्क नहीं है। ये इलाज की पद्धति स्थानीय लोगों में काफी दिनों से प्रचलित है। किसी भी बीमारी को सिर्फ मेडिकल साइंस से ही टीक किया जाना चाहिए।