नास्तिक मार्क जकरबर्ग यूं बने आस्तिक, धर्म पर बढ़ा उनका विश्वास
एक फेसबुक फालोअर ने मार्क से उनके धार्मिक विचारों के बारे में पूछते हुए लिखा कि क्या आप नास्तिक नहीं हैं? जुकरबर्ग ने कहा...
By
Edited By:
Publish Date: Tue, 03 Jan 2017 12:13:06 PM (IST)
Updated Date: Tue, 03 Jan 2017 01:58:47 PM (IST)

वॉशिंगटन। फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग पहले मजबूत नास्तिक थे, लेकिन अब वह धर्म में विश्वास करने लगे हैं। फेसबुक के संस्थापक ने पिछले हफ्ते इस बारे में बात की थी कि धर्म कैसे आज उसके लिए महत्वपूर्ण है।
जकरबर्ग ने 25 दिसंबर को एक हॉलीडे मैसेज पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने क्रिसमस और यहूदियों के त्योहार हनुकाह के लिए अपने दोस्तों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने लिखा था- प्रिसिला, मैक्स, बीस्ट और मेरी तरफ से सभी को मैरी क्रिसमस और हैप्पी हनुकाह।
उम्मीद करता हूं कि आप अपने दोस्तों और प्रियजनों से घिरे रहें। आपको अपने जीवन में सबसे सार्थक चीजों को प्रदर्शित करने का मौका मिले। आपकी दोस्ती की रोशनी आपकी जिंदगी और हमारी पूरी दुनिया को रोशन करती रहे।
एक फेसबुक फालोअर ने मार्क से उनके धार्मिक विचारों के बारे में पूछते हुए लिखा कि क्या आप नास्तिक नहीं हैं? इस पर जुकरबर्ग ने कहा, 'नहीं, मैं यहूदी के रूप में पला-बढ़ा और उसके बाद एक समय आया, जब मैंने चीजों के बारे में सवाल उठाए। मगर, अब मेरा मानना है कि धर्म बहुत महत्वपूर्ण है।
मार्क ने साल 2015 में अपनी यात्रा के दौरान शीआन के वाइल्ड गूज पैगोडा में प्रेयर की थी। उन्होंने पैगोडा में प्रार्थना करते हुए खुद की एक तस्वीर पोस्ट की थी और लिखा- 'बौद्ध धर्म एक अद्भुत धर्म है और इसका दर्शन अद्भुत है। मैं समय के साथ इसके बारे में और अधिक जान गया हूं। उनकी पत्नी एक बौद्ध है।
मार्क ने यह भी कहा है कि वह आस्था पर और अधिक गहरा विश्वास समझने जारी रखेंगे। मार्क ने पत्नी प्रेसिला के साथ पिछले साल पोप फ्रांसिस से मुलाकात भी की थी। इसके बाद मार्क ने कहा था कि यह कुछ ऐसा है, जो वह कभी नहीं भूल पाएंगे।