
ढाका। बांग्लादेश सरकार के एक इंजीनियर ने हिंदुओं पर हुए हमले में अपनी भूमिका का जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने यह अफवाह फैलने के बाद लोगों को हिंदुओं पर हमले के लिए भड़काया था कि इस समुदाय के एक युवक ने फेसबुक पर ईशनिंदा से संबंधित सामग्री पोस्ट की है।
वेबसाइट बीडीन्यूज 24 के अनुसार, बीते 10 नवंबर को यहां से 300 किमी दूर रंगपुर जिले के ठाकुरपाड़ा में आसपास के छह-सात गांवों के करीब 20 हजार लोग जमा हुए थे। इसके बाद करीब 30 हिंदुओं के घरों को आग के हवाले कर दिया गया था। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए रबर की गोलियां और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे।
इसमें एक व्यक्ति मारा गया था और पांच घायल हुए थे। गंगाचारहा पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर एम अली ने बताया कि ठाकुरपारा से सटे मोमीनपुर के फजलर रहमान उन पांच आरोपियों में शामिल है जिन्होंने मुस्लिमों को हिदुओं के घरों और कारोबार पर हमले के लिए उकसाया था।
रंगपुर जिला परिषद में सहायक इंजीनियर रहमान इस घटना के बाद छुप गया था लेकिन उसे बीते 21 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे गुरुवार को रंगपुर के वरिष्ठ न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने दो हजार से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। इनमें 159 लोगों को नामजद भी किया गया है।