
दुबई। दुबई की सबसे ऊंची आवासीय इमारत प्रिंसेस टॉवर की 99वीं मंजिल से सैकड़ों बेस जंपर्स ने कूदने के रोमांच महसूस किया। दरअसल, रोमांच के ये दीवाने यहां 'एक्सट्रीम बेस जंपिंग' के लिए जमा हुए थे। इस इवेंट को 'स्काईडाइव दुबई' ने आयोजित किया था। दुबई में अपनी तरह का यह पहला आयोजन था।
'प्रिंसेस टॉवर' पर करीब 400 मीटर की ऊंचाई पर आठ मीटर लंबा लॉन्ग जंप सस्पेंडेड प्लेटफॉर्म बनाया गया था। इवेंट के दौरान सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया था। दो हफ्ते चले इस बेस जंपिंग इवेंट में 600 से ज्यादा बेस जंपर्स ने हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें : यह भी पढ़ें : लंबी काली स्कर्ट पहनने पर मुस्लिम लड़की को क्लास जाने से रोका
स्काईडाइव दुबई के चेयरमेन नसेर अल नेयादी ने बताया कि वह कई देशों में बेस जंपिंग कर चुके हैं। हालांकि, दुबई में इस इवेंट को करना किसी सपना सच करने की तरह था। इवेंट के दौरान टॉवर के लोगों को भी रोमांचित करने वाला नजारा देखने को मिला।
सउद अल अन्जी कहते हैं कि सुबह बालकनी से लोगों को फ्री फॉल करते देखकर मैं हैरान हो गया। इससे पहले पिछले साल दो फ्रांसिसी बेस जंपर्स ने 'बुर्ज खलीफा' से छलांग लगाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। विंस रेफे और फ्रेड फुगेन दोनों ने 823 मीटर ऊंचाई से छलांग लगाई थी। यह दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है।