
जलालाबाद। अफगानिस्तान में बुधवार को भारतीय वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया। पूर्वी नांगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद में हुए इस हमले में दो की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक अफगान पुलिस अधिकारी और एक महिला है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि भारतीय पूरी तरह से सुरक्षित हैं। अफगान सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में चार आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया।
चश्मदीदों ने बताया कि एक हमलावर ने विस्फोटक लदी कार के साथ खुद को दूतावास के करीब उड़ा लिया। इससे आसपास की इमारतों के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। आठ कार राख हो गए। धमाके के बाद पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। नांगरहार प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्लाह खुग्यानी ने बताया अफगान सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार आत्मघाती हमलावरों को दूतावास परिसर में प्रवेश करने से पहले मार गिराया।
हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। इससे पहले जनवरी में इसी इलाके में पाकिस्तान वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले की जिम्मेदारी आइएस ने ली थी। नांगरहार प्रांत में इस बर्बर आतंकी संगठन का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। काबुल और कुनार में फिदायीन हमलों के चंद दिन बाद हुए इस हमले से अफगानिस्तान में शांति प्रक्रिया बहाल करने की कोशिशों पर भी सवाल उठने लगे हैं।
निशाने पर भारत
पाकिस्तान में धमाका, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास कर्मचारियों की मौत
पाकिस्तान में धमाके में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के दो स्थानीय कर्मचारियों की मौत हो गई। धमाका मादक पदार्थ विरोधी अभियान के दौरान बुधवार को पेशावर में हुआ। मृतक कर्मचारी अमेरिकी मिशन के नारकोटिक्स अफेयर्स सेक्शन (एनएएस) में काम करते थे। इनकी पहचान एनएएस अधिकारी फैसल खान और उनके चालक आबिद शाह के तौर पर हुई है। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने इनकी मौत की पुष्टि की है। न्यूज इंटरनेशनल के अनुसार जमातुल अहरार नामक आतंकी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी ली है। यह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से अलग होकर बना एक समूह है।