
ब्रसेल्स। फ्रांस के बाद अब यूरोपीय देश बेल्जियम पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। राजधानी ब्रसेल्स में जेवेनटेम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक के बाद एक दो बम धमाके हुए। उसके तुरंत बाद मालबीक मेट्रो स्टेशन पर बम विस्फोट हुआ। इन तीनों श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों में अब तक कम से कम 34 लोगों के मारे जाने की खबर है। मरने वालों में फिलहाल एक भी भारतीय नहीं है। लेकिन जेट एयरवेज के दो कर्मचारी जख्मी हुए हैं। इसमें से एक भारतीय महिला है।
ब्रूसेल्स फायर ब्रिगेड के प्रवक्ता पियरे मेयेज ने मंगलवार को बताया कि ब्रसेल्स के जेवेनटेम एयरपोर्ट पर 30 सेकेंड के अंतर में हुए दो बम धमाकों में अब तक 20 लोग मारे गए हैं जबकि 14 लोगों की मौत मालबीक मेट्रो स्टेशन पर हुए बम विस्फोट में हुई है। यह धमाके मंगलवार की सुबह एयरपोर्ट पर 8 बजे डिपारर्चर एरिया के मुख्य हॉल में हुए। विस्फोट इतने जबरदस्त थे कि पूरा हॉल तहस-नहस हो गया। हाल के शीशे टूट गए, फाल्स सीलिंग नीचे गिर गया और फर्श की टाइल्स उखड़ गईं। पास खड़े विमानों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
खचाखच भरे एयरपोर्ट में अफरातफरी का माहौल हो गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यहां से तलाशी के दौरान कुछ बम और भी मिले हैं। जिनेवा से वहां तुरंत पहुंचे एक फ्रेंच यात्री ने बताया कि धमाके के साथ ही हम झटके से दूर जा गिरे। उसने कई घायलों को कराहते देखा। हाल से लेकर लिफ्ट तक हर तरफ खून ही खून बिखरा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बम विस्फोट से पहले हमलावरों ने गोलीबारी भी की और अरबी भाषा में नारे भी लगाए। उसके बाद तीसरा हमला मालबीक मेट्रो स्टेशन पर हुआ। यह यूरोपीय यूनियन की मुख्य बिल्डिंग से थोड़ी ही दूर है। यहां 10 लोगों की मौत के साथ ही कम से कम 15 घायल लोगों को खून से लथपथ देखा गया। इन सभी का इलाज चल रहा है।
एयरपोर्ट पर भारतीय सुरक्षित
एयरपोर्ट पर कई भारतीय यात्री भी मौजूद थे। लेकिन खुशी की बात यह है कि वह सभी सुरक्षित हैं। टीवी फुटेज में कई भारतीयों को एयरपोर्ट से बचाकर बाहर निकालते दिखाया गया है। भारतीय अभिनेत्री गुल पनाग के पति और जेट एयरवेज के चालक दल के सदस्य भी ब्रसेल्स एयरपोर्ट पर हादसे के वक्त थे। लेकिन वह सुरक्षित हैं। इसी तरह पार्श्व गायक अभिजीत का परिवार भी एयरपोर्ट पर था जिसे अब सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
आतंकियों ने लिया बदला
सिर्फ चार दिन पहले बेल्जियम की पुलिस ने नवंबर में हुए पेरिस हमले के मुख्य साजिशकर्ता सलाह अब्देसलाम को ब्रसेल्स के मेट्रो स्टेशन के पास से ही गिरफ्तार किया गया था। माना जा रहा है कि यह आतंकी हमला उसी का बदला है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने बताया कि जेवेनटेम एयरपोर्ट पर हुए हमले में फिदायीन शामिल थे। उन्हें पहले से ही आतंकी हमले होने की आशंका थी। उन्होंने कहा कि वह मौजूदा हालात का डट कर सामना करेंगे।
ब्रसेल्स में ट्रैफिक ठप
इस आतंकी हमले के चलते ब्रसेल्स शहर में सुरक्षा कारणों से यातायात ठप कर दिया गया है। यूरोपीय यूनियन और नाटो के मुख्यालय वाले इस शहर में मेट्रो, ट्राम और बस सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। आतंकी हमले के बाद से जेवेनटेम एयरपोर्ट भी बंद है। यहां से सभी उड़ानें रद हो चुकी हैं। बेल्जियम के गृह मंत्री जान जैमबोन ने आतंकी खतरे के स्तर को तीन से बढ़ाकर अधिकतम चार का कर दिया है। देश की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक भी होनी है। ब्रसेल्स में लोगों को बाहर निकले से मना किया गया है।
मोदी ने जताया दुख
इस आतंकी हमले से भारत समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी चिंतित है। बेल्जियम में हुए इस पहले आतंकी हमले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निदंनीय और आहत करने वाला बताया है। उन्होंने मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति शोक प्रकट किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी ब्रसेल्स के हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस कायरता भरे कृत्य से निपटने के लिए पूरे विश्व को साथ आना होगा।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर हमले की निंदा की और हताहत लोगों के प्रति शोक प्रकट किया। यूरोपीय संघ के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने कहा कि यह हमले आतंकियों की नफरत और हिंसा का एक और घटिया प्रदर्शन हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ट्वीट करके कहा कि उनका देश हरसंभव मदद के लिए तैयार है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा कि इससे जाहिर होता है कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं। इससे पूरी दुनिया के लोगों को खतरा है।