
कैलिफोर्निया। अमेरिका के कैलिफोर्निया में प्रार्थना कर रहे यहूदियों पर फायरिंग की सूचना है। 19 साल के युवक द्वारा की गई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई है और तीन अन्य घायल हैं। आरोपी की पहचान जॉन अर्नेस्ट के रूप में कई गई है। प्रार्थना स्थल पर मौजूद एक सुरक्षाकर्मी ने आरोपी पर जवाबी फायर किया, लेकिन वो बच निकला। बाद में उसने ही पुलिस को 911 पर फोन कर फायरिंग की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भागने लगा, लेकिन पकड़ लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने एआर-टाइप असाल्ट वेपन से फायर किया है।
बता दें, दुनिया में धार्मिक स्थलों पर हमले का यह हालिया तीसरा मामला है। इससे पहले न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में मस्जिद को निशाना बनाया गया था। इसके बाद बीते दिनों सडे ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में गिरजाघरों पर ब्लास्ट हुए। अब अमेरिका में यहूदियों को निशाना बनाया गया है।
इस बीच, भारत में भी ऐसे ही हमले का अलर्ट किया गया है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, यह हमला न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में हुए गोलीबारी में 50 लोगों के मौत का बदला लेने के लिए किया जा सकता है। क्राइस्टचर्च हमले को 29 साल के ऑस्ट्रेलियाई मूल के नागरिक ब्रैंटन टैरेंट ने अंजाम दिया था। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।