
ब्रिटेन। ब्रिटेन का समाज कैशलेस पेमेंट यानी बिना नगदी के भुगतान की ओर आगे बढ़ रहा है। पूरे साल में महज 45.1 फीसद लोगों ने ही नगद में भुगतान किया, जबकि बाकी लोगों ने डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिये भुगतान किया।
कॉन्टेक्टलेस 'टैप एंड गो' पेमेंट सिस्टम के जरिये कार्ड का उपयोग लोगों में बढ़ रहा है। इसके अलावा मोबाइल पेमेंट सिस्टम जैसे ऐपल पे भुगतान करने को और सुविधाजनक बना रहे हैं।
नगद में भुगतान करना लोकप्रिय साधन है, लेकिन विशेषज्ञों को उम्मीद है कि पांच सालों में कार्ड के जरिये ही अधिकतम भुगतान होगा। उम्मीद है कि 2025 तक डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या चार्ज कार्ड के जरिये रोजाना लोग भुगतान करेंगे। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि 2025 तक हर चार में से एक भुगतान ही नगद में होगा।
यह भी पढ़ें : दुनिया का पहला कैशलेस देश बनने की राह पर है स्वीडन
खासतौर पर कंज्यूमर पेमेंट्स को देखते हुए बताया जा रहा है कि ब्रिटेन में औसतन एक वयस्क ने साल 2015 में हर महीने 20 भुगतान कार्ड के जरिये किए। इसमें से करीब दो भुगतान हर महीने कॉन्टेक्टलेस थे।
पेमेंट्स यूके में चीफ इकोनॉमिस्ट एड्रिन बकले ने बताया कि टेक्नोलॉजी, उपभोक्ताओं की पसंद, व्यापार का व्यवहार और बाजार के विकास इस बात के अहम कारक होंगे कि हम कैसे भुगतान करेंगे। यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि अगले 10 सालों में चीजें कैसे बदलती हैं।
यूके कार्ड्स एसोसिएश ने पिछले हफ्ते बताया कि पहली बार मार्च में कॉन्टेक्टलेस कार्ड से खरीदारी 1.5 अरब पाउंड की हुई, जो सर्वाधिक है। इस टेक्नोलॉजी के जरिये कस्टमर्स को बिना सिग्नेचर या पिन के भुगतान करने की सहूलियत मिली।