
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की बड़ी बेटी मालिया गांजा पीते हुए वीडियो कैमरे में कैद हुई है। हाल ही में ऑनलाइन एक वीडियो में मालिया गांजा पीते दिख रही हैं।
नौ सेकेंड के इस वीडियो को रडार ऑनलाइन ने जारी किया है। इसमें देखा जा सकता है कि 18 साल की मालिया इलिनॉय राज्य के शिकागो में लोलापालोजा संगीत समारोह के दौरान सिगरेट के पफ मार रही हैं।
हालांकि "द टेलीग्राफ" की खबर के अनुसार, वेबसाइट ने दावा किया कि उसे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया है कि मालिया सिगरेट में गांजा भरकर पी रहीं थीं। वीडियो के ऑनलाइन होने के बाद जनता की ओर से मिली जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
वैसे अमेरिका के इलिनॉय प्रांत में गांजा पीने पर प्रतिबंध नहीं है। यहां का नागरिक अपने पास दस ग्राम तक गांजा रख सकता है। काबिलेगौर है कि लोलापालोजा संगीत समारोह में भाग लेने के कारण पिछले महीने मालिया, डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में हिलेरी क्लिंटन का भाषण नहीं सुन पाईं थीं।
मारिया ने इसी साल जून में हाई स्कूल पास किया है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में साल 2017 में दाखिला लेने के पहले उन्होंने एक साल का गैप लिया है। साल 2006 में राष्ट्रपति बनने से पहले बराक ओबामा ने स्वीकार किया था कि युवावस्था में उन्होंने भी गांजा पी थी।