
लंदन। एक मुर्गे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दरअसल, वह सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। यह अजीबो-गरीब मामला पूर्वी स्कॉटलैंड के मार्केटगेट में सामने आया है। पुलिस को सात अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सुबह करीब 8:30 बजे के रश ऑवर में एक मुर्गा बीच सड़क में घूम रहा है।
टेसाइड पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कुछ वाहन चालकों ने मुर्गे की जान को खतरे में देखकर पुलिस अधिकारियों को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में लेकर वापस थाने में ले गई।
लहरों से बिजली बनाने वाली चीन की डिवाइस स्कॉटलैंड की कॉपी
फेसबुक पेज पर पुलिस ने लिखा कि SSPCA से संपर्क किया गया है और जब तक मुर्गे के मालिक का पता नहीं लग जाता है, तब तक उसकी देखभाल थाने में की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्या वे बता सकते हैं कि यह मुर्गा सड़क क्यों पार कर रहा था।
इसके बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो पुलिस को जरूर बताएं। इस अपील के सामने आने के बाद 1,000 से अधिक लोगों ने इसे शेयर किया और दर्जनों स्थानीय लोगों ने कमेंट किया। हालांकि, पुलिस को इससे कोई खास मदद नहीं मिली।