
वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मलेनिया ट्रंप ने मैनहट्टन के 59 पब्लिक स्कूल में सुबह अगल-बगल खड़े होकर मतदान किया। इस दौरान उनकी जो तस्वीरें सामने आईं, उन्हें देखकर लगता है कि वे अपनी पत्नी पर भी यकीन नहीं करते हैं। उन्हें शक था कि कहीं मलेनिया हिलेरी को तो वोट नहीं दे रही हैं।
ऐसे में ट्रंप ने झांक कर मलेनिया को वोट डालते हुए देखा। इस दौरान उनकी पेशानी पर बल पड़े हुए थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपने नाम के आगे मलेनिया का मत पड़ा हुआ देखा, उनकी चिंता दूर हो गई। मैनहट्टन को डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ माना जाता है। मगर, जब ट्रंप वहां पहुंचे तो उनके मुट्ठी भर समर्थकों ने उनका जबरजस्त स्वागत किया।
उनके बेटे एरिक ट्रम्प ने भी कुछ ऐसा ही किया था। जब वह भी अपनी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे, तो उन्होंने भी अपनी पत्नी के बॉक्स में झांक कर देखा। शायद वह सोच रहे होंगे कि कहीं उनकी पत्नी भी पिता ट्रंप की जगह हिलेरी को वोट नहीं दे दें।
यदि हिलेरी जीतीं, तो 2017 में 18 देशों में होगा महिलाओं का शासन
इतना ही नहीं, एरिक ने अपने मतपत्र की तस्वीर को ट्विटर पर शेयर भी कर दिया। ट्रंप के बेटे को अपने पिता के लिए मतदान करने का घमंड था, लेकिन शायद उन्हें यह पता नहीं होगा कि मतदान बूथ के अंदर की तस्वीरें पोस्ट करना गैर-कानूनी है। ऐसे में बाद में उन्हें इस तस्वीर को हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

यहां पर ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप अपने पति जारेड कुशनेर और बेटी अरबेला के साथ मतदान करने के लिए पहुंची थीं। गौरतलब है कि ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि यदि वह चुनाव हार जाते हैं, तो इसे अपने समय, ऊर्जा और पैसे की बर्बादी समझेंगे। ट्रंप ने इस चुनाव में 10 करोड़ डॉलर खर्च किए हैं।