
नई दिल्ली। दुबई के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने एक के बाद एक ट्वीट कर भारतीयों की प्रशंसा की है और पाकिस्तानियों को खूब लताड़ा है। ट्वीट में अधिकारी ने कहा है कि भारतीय बड़े ही अनुशासनप्रिय होते हैं जबकि पाकिस्तानी बड़े ही अपराधी किस्म के होते हैं और वे स्वभाव से तस्कर होते हैं।
दुबई में जनरल सिक्योरिटी के प्रमुख धाहि खालफान ने एक के बाद एक ट्वीट कर ये बातें कहीं है। बताया जाता है कि दुबई अधिकारियों ने एक पाकिस्तानी गैंग को ड्रग्स तस्कर के आरोप में गिरफ्तार किया था उसके बाद पुलिस अधिकारी ने ये ट्वीट किया। हालांकि पाकिस्तानी प्रेस ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धाहि अपने विवादित बयान के लिए जाने जाते हैं। शायद इसीलिए उनके 2.66 मिलियन फॉलोवर हैं।
खालफान ने गिरफ्तार पाकिस्तानियों की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, पाकिस्तानी खाड़ी देशों के लिए खतरा पैदा करते हैं क्योंकि वे हमारे समाज में ड्रग्स की तस्करी करते हैं। हमें अपने देश में उनके प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने ट्वीट में आश्चर्य जताते हुए कहा कि, यही कारण है कि भारतीय अनुशासित होते हैं जबकि पाकिस्तानी नहीं होते हैं। भारतीय कैसे अनुशासित रहते हैं जबकि पाकिस्तानी अपराध और तस्करी में शामिल होते हैं। अंत में उन्होंने यह भी कहा कि किसी पाकिस्तानी को दुबई में हायर नहीं करना चाहिए। ट्वीट में कहा कि मैं अपने नागरिकों को पाकिस्तानियों को नौकरी नहीं देने की अपील करता हूं, यह हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है कि हम पाकिस्तानियों को नौकरी पर ना रखें। आगे कहा कि पाकिस्तानी खाड़ी क्षेत्रों के लिए खतरा है।