
तेहरान। नेपाल समेत भारत के कई प्रदेशों में शनिवार की दोपहर आए भूकंप की वजह से जब देश के लोग दहशत में हैं, तो ऐसे समय में सोशल मीडिया पर तेहरान के मौलवी का पांच साल पुराना भूकंप के संदर्भ में दिया गया अजीबोगरीब बयान एक बार फिर चर्चा में है।
साल 2010 में ईरान के वरिष्ठ मौलवी ने दावा किया था कि महिलाओं के उत्तेजित कपडे़ पहनने व विवाहेत्तर संबंध बनाने की वजह से ईरान व कई अन्य देशों में अधिक भूकंप आते हैं।
अयातुल्ला काजिम सेदिघ नामक मौलवी ने कहा था कि कई आकर्षक महिलाएं पारंपरिक इस्लामिक पहनावे का अपमान करके सजीला पहनावा अपनाकर तथा चेहरे पर मेकअप लगाकर अपने देश के युवाओं को भटका रही हैं और प्रेम प्रसंग के जाल में फंसा रही है। इसके साथ ही कट्टरपंथी अयातुल्ला ने विवाहेतर संबंध को भूकंप आने की एक वजह बताई थी।
यह भी पढ़ें : नेपाल में अबतक 3200 की मौत, बारिश ने डाला खलल
एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के अनुसार, अयातुल्ला ने अपनी प्रार्थना सभा में आए भक्तों को संबोधित करते हुए कहा था कि भूकंप आने का सबसे बड़ा कारण यह है कि कई महिलाएं शादी के बाद अन्य लोगों से शारीरिक संबंध बनाती हैं। पांच साल पहले दिया गया अयातुल्ला का यह बयान नेपाल व भारत के कई भागों में आए भूकंप की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
गौरतलब है कि ईरान में इस्लामिक ड्रेस कोड लागू है। ड्रेस कोड का पालन न करने पर सजा का प्रावधान है, लेकिन ईरान के कई शहरों में महिलाएं ड्रेस कोड का पालन आज भी नहीं करती हैं।
यह भी पढ़ें : प्रचार तंत्र पर भारी पड़ रही अफवाह
बहरहाल, ईरान भी एक भूकंप प्रभावित इलाका रहा है और यहां कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं, जिसकी वजह से कई हजारों लोगों को अपनी जान से हाथ तक धोना पड़ा है।