
रियाद। सऊदी के कॉन्सर्ट में गायक मजीद अल मोहनदिस को गले लगाने वाली महिला को सऊदी अरब में गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, एक संगीत कार्यक्रम के दौरान महिला दौड़ती हुई स्टेज पर पहुंच गई और उसने सिंगर मजीद को गले लगा लिया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि माजिद खुद को महिला से छुड़ाने की कोशिश करते हैं। तभी वहां सिक्योरिटी गार्ड आकर महिला को एक-तरफ ले जाते हैं। इस मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। माजिद पश्चिमी शहर ताइफ में परफॉर्म कर रहे थे, जब महिला मंच पर चली गई थी।
इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यू-ट्यूब पर भी इसे हजारों लोग देख चुके हैं। दरअसल, सऊदी अरब में सार्वजनिक रूप से महिलाओं को बाहरी लोगों को गले मिलने की मनाही है। इस मामले में मक्का पुलिस के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
उस पर कानून आपराधिक उत्पीड़न के तहत सरकारी मुकदमा चलाया जाएगा। संदिग्ध को अल-तैफ फाउंडेशन में रखा गया है। जो वीडियो सामने आया है उसमें आरोपी बनाई गई महिला कॉन्सर्ट के दौरान माजिद को गले लगाए हुए हैं, जबकि इस दौरान सुरक्षा दस्ता उसे हटाने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा किए गए सुधारों के तहत पिछले साल राज्य में सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली महिलाओं पर किए गए प्रतिबंधों को कम कर दिया गया है।