
ब्रिटेन। बेहिसाब संपत्ित के मालिक लोगों के बच्चों की देखभाल करने वाली महिलाएं (नैनी) की जिंदगी बहुत खास होती है। शाही परिवार के लोगों, सेलिब्रिटीज की एक झलक देखने के लिए लोग बे-करार रहते हैं। मगर, ये नैनी तो हमेशा उनके साथ उठती-बैठती रहती हैं।
इसके अलावा फर्स्ट क्लास फ्लाइट या कई बार तो प्राइवेट जेट में वे सफर करती हैं। रहने के लिए लग्जरी विला दी जाती है और इसके अलावा सैलरी वो अलग से है। कई देशों और जगहों पर घूमने का मौका मिलता है, जिनके बारे में शायद ही कभी सपने में सोचा होगा।
ऑस्ट्रेलिया में जन्मीं फिलिप्पा (27) पिछले कुछ समय से कई मूवी स्टार और स्पोर्ट्स स्टार सहित कई हाई-प्रोफाइल परिवारों के लिए काम कर रही हैं। इसके लिए वह निजी आईलैंड से लेकर भारत में कई जगहों पर रह चुकी हैं।
वह बताती हैं कि एक बार उन्हें इटली में प्राइवेट विला में ठहराया गया था, जहां 50 से ज्यादा लोगों का स्टाफ था। वह महल इतना बड़ा था कि जमीन में जहां तक नजर जाती थी वह मेरे रहने के लिए ही थी। इसके अलावा वह अमेरिका, बहामास, यूएई और कई यूरोपीय देशों में भी थोड़े-थोड़े समय के लिए रह चुकी हैं।
रोम की रहने वाली पाओला डिएना इंटरनेशनल एजेंसी नैनी एंड बटलर चलाती हैं। वह अपने सुपर रिच क्लाइंट्स के लिए स्टाफ मुहैया कराती हैं। वह बताती हैं कि नैनी का वेतन 30 लाख रुपए सालभर से शुरू होता है। वहीं, एक पीए के लिए 60 लाख रुपए से लेकर एक करोड़ रुपए सालाना देने होते हैं।