
लंदन। मृत्युशैया में पड़े 73 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी आखिरी इच्छा पूरी होने के महज 45 मिनट बाद दुनिया को अलविदा कह दिया। 13 नाती पोतों वाले पैडी लॉलेर रेड डेविल्स फुटबॉल टीम के जबरदस्त फैन थे।
मैंचेस्टर यूनाइटेड स्टार्स के चार मेंबर्स मार्कस रैशफोर्ड, जेसी लिंगार्ड, एश्ले यंग और टिमोथी फोसू-मेन्साह ने पैडी के घर जाकर उनसे मुलाकात की। सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के अनुसार, पैडी की 27 वर्षीय पोती ने इन सितारों से अपील की थी कि वे उनके दादाजी से मिल लें।
इस अपील को सुनने के बाद में फुटबॉल खिलाड़ी मैंचेस्टर में पैडी के घर गए थे। उनके घर से निकलने के महज 45 मिनट के बाद ही पैडी ने आखिरी सांस ली। कैलीघ लॉचर ने फेसबुक पर लिखा था कि उसके दादा मैंचेस्टर यूनाइटेड फुटबॉल टीम के बड़े प्रशंसक थे।
उसने आगे लिखा कि वह इस समय मृत्यु शैया पर हैं और मैंचेस्टर यूनाइटेड के खिलाड़ियों से मिलना चाहते हैं। यदि मैं उनकी आखिरी इच्छा को पूरा कर सकूं, तो उन्हें खुशी मिलेगी। लिंगार्ड के चचेरे भाई, रॉबर्ट किलशॉ ने इस पोस्ट को देखा और मंगलवार को फुटबॉल सितारों के साथ सरप्राइज मीटिंग की व्यवस्था करा दी।
लक्जरी कारों में आए करोड़पति फुटबॉल खिलाड़ियों ने पैडी व उनके परिवार के साथ आधे घंटे बिताए। इस दौरान उन्होंने क्लब के बारे में बातें कीं, तस्वीरें खिंचवाईं और शर्ट्स पर साइन किए। खिलाड़ियों के जाने के करीब 45 मिनट बाद में पैडी ने दुनिया को अलविदा कह दिया।