
वॉशिंगटन। एक हैकर ने सीआईए डायरेक्टर जॉन ब्रेन्नन का पर्सनल ई-मेल अकाउंट हैक करके कुछ दस्तावेजों को ऑनलाइन पोस्ट करने के साथ ही ब्रेन्नन की कॉन्टेक्ट लिस्ट को भी सार्वजनिक कर दिया। सीआईए का कहना है कि उसने इस मामले की जांच सक्षम अधिकारियों को दी है। इसके अलावा सीआईए ने मामले में अधिक जानकारी नहीं दी।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक यह हैकिंग हाईस्कूल के एक छात्र ने की है। हालांकि, उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि बच्चा अमेरिकी विदेश नीतियों से नाराज था और फिलिस्तीन का समर्थक है। गौरतलब है कि ब्रेनान के अकाउंट में कई गोपनीय फाइल्स थीं, जिनमें सबसे अहम 47 पेज की सिक्योरिटी क्लियरेंस फाइल भी थी।
यह भी पढ़ें : साइबर हमले के बारे में यूजर को चेतावनी देगा फेसबुक
रिपोर्ट में जिक्र है कि बच्चे ने न सिर्फ अकाउंट हैक किया बल्कि सिक्यॉरिटी क्लियरेंस के लिए भेजी गई ऐप्लिकेशन फाइल भी देखी है। छात्र के ट्विटर एकाउंट में फाइलों का लिंक दिया हुआ है। इनके बारे में छात्र का दावा है कि इसमें ब्रेन्नन के कॉन्टेक्ट्स की सूची, सीआईए के एक पूर्व निदेशक की ओर से किए गए टेलीफोन कॉल की सूची और अन्य कागजात हैं।
पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के निजी ईमेल के इस्तेमाल के बाद अमेरिकी अधिकारियों द्वारा निजी ईमेल का इस्तेमाल अमेरिका में चर्चा का विषय बन गया है। पिछले साल अक्टूबर में रूसी हैकर्स ने व्हाइट हाउस के कम्प्यूटर्स से राष्ट्रपति बराक ओबामा के ई-मेल हैक कर लिए थे। अधिकारियों का कहना था कि हैकरों ने इन ई-मेलों से संवेदनशील जानकारी निकाल ली थी।