
लाहौर। आतंकी संगठन जमात उद दावा का प्रमुख और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने लाहौर हाईकोर्ट में याचिका दायर करके बॉलीवुड फिल्म फैंटम को पाकिस्तान में रिलीज होने से रोकने की याचिका दायर की है। सैफ अली खान और कट्रीना कैफ अभिनीत इस फिल्म में पाकिस्तान की शह पर भारत में आतंकवाद फैलाने और उसमें हाफिज सईद की अहम भूमिका को दिखाया गया है।
हाफिज सईद के वकील एके डोगर ने शनिवार को लाहौर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि आगामी फैंटम फिल्म में पाकिस्तान और जेयूडी के खिलाफ जहर उगला गया है। सईद की ओर से आरोप लगाया गया कि फिल्म 2008 के मुंबई हमले के बारे में है। इसमें दिखाया गया है कि जमात उद दावा पूरी दुनिया में आतंकवाद फैला रहा है। सैफ और कट्रीना की यह फिल्म 28 अगस्त को रिलीज होगी।
आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद ने कहा कि वह अदालत से प्रार्थना करता है कि अदालत पाकिस्तान में फैंटम फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाए। इस फिल्म का विषय पाकिस्तान विरोधी है। उसने कहा कि पाकिस्तान पहले ही 166 लोगों की मौत का कारण बने मुंबई हमले में भारत सरकार के आरोपों को नकार चुका है। इस पर लाहौर हाईकोर्ट के जज शाहिद बिलाल हसन ने 10 अगस्त को इस याचिका पर सुनवाई की तारीख तय की है। मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद के खिलाफ अमेरिका ने एक करोड़ डालर का ईनाम रखा है।