
शशांक शेखर बाजपेई। यदि हिलेरी क्लिंटन चुनाव जीत जाती, तो दुनियाभर के 18 देशों में महिलाओं का शासन हो जाता। अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन आजाद अमेरिका के 270 साल के इतिहास में पहली महिला राष्ट्रपति बनने से चूक गईं। वह अपनी पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दौड़ में उम्मीदवार बनने वाली भी पहली महिला हैं।
इससे पहले ब्रिटेन में थेरेसा मे ने जुलाई में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। फिलहाल आर्थिक रूप से ताकतवर दुनिया के छह शीर्ष देशों में से तीन का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। हालांकि, इसके बावजूद शक्तिशाली माने जाने वाले तीन देशों फ्रांस, चीन और रूस में अभी तक एक भी महिला राष्ट्राध्यक्ष नहीं हुई है। अब तक 70 से ज्यादा देशों में अलग-अलग समय महिला राष्ट्राध्यक्षों ने राज किया है। जानते हैं इनके बारे में...
1. थेरेसा मे, प्रधानमंत्री, ब्रिटेन
कंजरर्वेटिव पार्टी की सदस्य और गृह मंत्री थेरेसा मे जुलाई में ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनीं थीं। साल 1990 में मार्गरेट थेचर के बाद वे दूसरी महिला हैं, जो ब्रिटेन का नेतृत्व कर रही हैं। वह सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री भी रही हैं। सांसद बनने से पहले वे बैंक ऑफ इंग्लैंड व कई वित्तीय संस्थानों में काम कर चुकी हैं। थेरेसा मे और उनके पति फिलिप जॉन मे की मुलाकात पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने करवाई थी। ऑक्सफोर्ड में पढ़ाई के दौरान हुई मुलाकात के बाद दोनों ने 1980 में शादी की थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव परिणाम की भविष्यवाणी
2. एंजेला मर्केल, चांसलर, जर्मनी
वर्ष 2005 में पहली बार जर्मनी की चांसलर बनी थीं। दिसंबर 2013 में तीसरी बार चार साल के लिए चुनी गईं। ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से हटने के फैसले के बाद एंजेला ने यूरोप को एकजुट करने और शांति व्यवस्था कायम करने का संदेश भी दिया। इन्हें यूरोपीय संघ के साथ-साथ हमेशा से ही दुनिया की सबसे ताकतवर महिला नेता माना जाता है।
3. शेख हसीना, प्रधानमंत्री, बांग्लादेश
जनवरी 2009 में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनी थीं। इससे पहले वह 1996 और 2001 में प्रधानमंत्री पद संभाल चुकी हैं। बांग्लादेश बीते कुछ दिनों से आतंकी हमलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। यहां कई धार्मिक अल्पसंख्यकों पर जानलेवा हमले हुए हैं। ऐसे में शेख हसीना पर आतंकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दबाव बढ़ा है।
4. पार्क ग्यून हे, राष्ट्रपति, दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया की पहली महिला राष्ट्रपति पार्क ग्यून हे फिलहाल उत्तर कोरिया की हरकतों से तनाव में हैं। उत्तर कोरिया कई बार दक्षिण कोरिया पर हमले की धमकियां दे चुका है। ऐसे में पार्क कई मौकों पर उत्तर कोरिया को उकसाने वाली कार्रवाई न करने के लिए धमकियां दे चुकी हैं।
समुद्र में मिला 1950 में गायब हुआ परमाणु बम
5. डिल्मा रौसेफ, राष्ट्रपति, ब्राजील
ब्राजील की पहली महिला राष्ट्रपति रहीं डिल्मा भ्रष्टाचार जैसे आरोप के चलते पद से निलंबित की गईं। फिलहाल उनके स्थान पर मिशेल टेमेल को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है। वह साल 2009 में लिम्फोमा कैंसर से ग्रस्त हुई थीं। कीमोथैरेपी व लंबे इलाज के बाद रौसेफ अब वह स्वस्थ हैं।
इसके अतिरिक्त यहां है महिला नेतृत्व
नेपाल - राष्ट्रपति - बिद्या देवी भंडारी
मार्शल आइलैंड्स - राष्ट्रपति - हिल्दा हिएना
ताईवान - राष्ट्रपति - साई इंग-वेन
लाइबेरिया - राष्ट्रपति - एलेन जॉनसन सरलिफ
चिली - राष्ट्रपति - मिशेल बैचलेट
लिथुआना - राष्ट्रपति - डालिया ग्राइबाउस्कैट
माल्टा - राष्ट्रपति - मैरी-लुईस कोलेइरो प्रेका
क्रोएशिया - राष्ट्रपति - कोलिंडा ग्राबर किटारोविक
मॉरिशस - राष्ट्रपति - आमीना गुरिब-फकिम