
वॉशिंगटन। हिंदुत्व का नकारात्मक चित्रण करने वाला कार्यक्रम दिखाने को लेकर भारतीय मूल के अमेरिकियों ने सीएनएन की आलोचना की है। 'बिलीवर विद रेजा अस्लान' शीर्षक से छह कड़ियों वाली धार्मिक श्रृंखला का रविवार को प्रीमियर हुआ था। इसमें अघोरी से जुड़े तथ्यों एवं मिथकों के बारे में बताया गया है।
जाने-माने भारतवंशी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रबल समर्थक शलभ कुमार ने इसे हिंदुत्व पर घटिया हमला बताया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, बड़ी संख्या में हिंदू अमेरिकियों ने ट्रंप का समर्थन किया था, इसलिए हिंदुत्व पर हमला किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मैं परिकल्पना पर आधारित कार्यक्रम को प्रसारित करने के लिए रेजा अस्लान और सीएनएन की निंदा करता हूं। यह हिंदुओं पर घटिया हमला है। कुमार रिपब्लिकन हिंदू कोलिशन के संस्थापक भी हैं।
साल 2004 में कैलिफोर्निया की पुस्तकों से हिंदुत्व के गलत चित्रण को हटाने के लिए प्रयास शुरू करने वाले समूह के नेता खांडेराव कंद ने कहा कि ऐसे वक्त में जब अल्पसंख्यकों पर असहिष्णु हमले हो रहे हैं, इस कार्यक्रम से घृणा अपराध और बढ़ सकते हैं। यूएस इंडिया पॅालिटिकल एक्शन कमिटी और अमेरिकन हिंदु अगेंस्ट डेफमेशन जैसे संगठनों ने भी कार्यक्रम का प्रसारण रोकने की मांग की है।