
लंदन। कंप्यूटर गेम से प्रभावित टॉय कार का आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। इस तरह के कार की मदद से आतंकी इराक और सीरिया में धड़ल्ले से धमाके कर रहे हैं। आतंकियों के खिलाफ लड़ रहे कुर्द लड़ाकों के एक समूह के हवाले से अखबार मिरर ने यह खुलासा किया है।
अखबार के मुताबिक कंप्यूटर गेम "कॉल और ड्यूटी" से प्रभावित कार से आतंकी कई लोगों को मौत की नींद सुला चुके हैं। इनमें से एक कार में धमाका नहीं हुआ और यह कुर्द लड़ाकों के कब्जे में आ गया। बताया जाता है कि आईएस तुर्की से यह कार मंगवाता है।
ट्रक की तरह दिखने वाले इस कार में आतंकी विस्फोटक डालकर रिमोट के जरिए धमाका कर देते हैं। अखबार के मुताबिक विरोधियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए आतंकी ड्रोन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
व्यापक अभियान शुरू करेंगे अमेरिका-तुर्की
आईएस के खिलाफ तुर्की और अमेरिका जल्द ही व्यापक हवाई अभियान शुरू करेंगे। सऊदी अरब, कतर, जॉर्डन, ब्रिटेन और फ्रांस भी इसका हिस्सा बनेंगे। वाशिंगटन और अंकारा के बीच बनी सहमति के अनुसार तुर्की से संचालित इस अभियान के तहत उत्तरी सीरिया में आतंकी संगठन के ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।