
रक्का। आईएस नई पीढ़ी के लड़ाकों की फौज तैयार कर रहा है। हाल ही में सामने आए वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि आतंकी स्टील के पिंजरे के अंदर युवाओं को बंद कर उन्हें लड़ने के लिए मजबूर कर रहे हैं। उन्हें सिर से टाइल्स तोड़ने की कड़ी ट्रेनिंग दी जा रही है।
सोशल मीडिया में जारी किए गए सात मिनट के प्रेपोगेंडा वीडियो में युवा लड़कों को आपस में लड़ते हुए दिखाया जा रहा है। पिंजरे में मौजूद हथियारबंद कमांडर उन्हें लड़ने के लिए उकसाते हैं। इस दौरान कुछ कट्टरपंथी आतंकी लड़कों को छड़ी से पीटते हैं और यदि वे जमीन में लेट जाते हैं तो उनके पेट पर चलते हैं।
यह भी पढ़ें : बिल्ली के काटने पर महिला ने बिल्ली मालिक को काटा
वीडियो को दूसरे दृश्य में लड़कों को सिर से टाइल्स तोड़ते हुए दिखाया गया है। उन्हें विचित्र कलाबाजी के साथ लड़ने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इतना ही नहीं लड़कों को धातु के ट्यूब से रेंगते हुए आगे बढ़ना सिखाया जा रहा है। इस दौरान आईएस के लड़ाके उनके सिर के ऊपर से गोलियां चलाते हैं।
बकिंघम यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ सिक्युरिटी एंड इंटेलीजेंस स्टडीज के डायरेक्टर के अनुसार, माना जा रहा है कि यह वीडियो इराक में आईएस के बेस में बनाया गया है। इसका मकसद विदेशी लड़ाकों को आईएस में शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। प्रोफेसर एंथनी ग्लीस ने बताया कि आईएस के लिए बच्चों की बर्बरता का यह महिमामंडन है। यह वीडियो माताओं और पिताओं के लिए बनाया गया है, लेकिन इसका लक्ष्य बच्चे भी हैं।