यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्टूडेंट्स को दिया ऐसा होमवर्क, जिसकी पूरे देश में हो रही चर्चा
किताबों से बाहर निकलकर जिंदगी जीने के लिए प्रेरित करने के लिए इटली के शिक्षक सीज़र केटा ने छात्रों को कुछ रोचक चुनौतियां दी हैं।
By Edited By:
Publish Date: Tue, 23 Jun 2015 10:45:14 AM (IST)Updated Date: Tue, 23 Jun 2015 10:51:30 AM (IST)

रोम। इटली के एक शिक्षक ने अपने छात्रों को ऐसा होमवर्क दिया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। किताबों से बाहर निकलकर जिंदगी जीने के लिए प्रेरित करने के लिए डॉन बॉस्को स्कूल के शिक्षक सीज़र केटा ने छात्रों को कुछ रोचक चुनौतियां दी हैं। इसमें उन्होंने 15 पॉइन्टस बताए हैं, जो छात्रों की जिंदगी को खुशनुमा बनाने में मददगार होंगे।
सीजर ने बताया कि डेड पोएट्स सोसायटी फिल्म में रॉबिन विलियम्स ने ऐसे टीचर का किरदार निभाया है, जो पोएट्री के जरिए पढ़ाता है। उसी से उन्हें विचार आया कि क्यों न बच्चों को इस अपरंपरागत तरीके से पढ़ाया जाए। 33 वर्षीय सीजर पिछले सात वर्षों से पढ़ा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : एक दिन में ट्रेन कैंसलेशन के 34,000 गलत SMS
वह बताते हैं कि एक छात्र के रूप में वह अपनी गर्मियों की छुटि्टयों को याद करते हैं। वे छुटि्टयों में खूब खेलते, स्विमिंग करते, डांस करते, रोमांस करते, सपने देखते थे। उन्होंने बताया कि किताबें पढ़ना अहम भूमिका निभाता है। जिन किताबों को मैंने पढ़ा उन्होंने मेरी जिंदगी में आने वाले दिनों में रोशनी की, मुझे समस्याओं का सामना करने के लिए नए समाधान दिए, खुशी दी।
केटा ने ये 15 पॉइंट्स पोस्ट किए अपने छात्रों के लिए
- कभी सुबह उठकर समुद्र किनारे टहलें - पानी पर पड़ती सूर्य की किरणों को देखें और उन चीजों के बारे में सोचें जिन्हें आप सबसे ज्यादा पसंद करते हैं।
- नए शब्दों का इस्तेमाल - इस साल सीखे गए नए शब्दों का उपयोग बातचीत में करें।
- कुछ अच्छा पढ़ें - सिर्फ पढ़ने के लिए नहीं पढ़ें, छुट्टी सपने पूरे करने के लिए हुई है। जब कुछ अच्छा पढ़ेंगे, तो लगेगा कि आप अलग ऊंचाई पर हैं।
- दूर रहें - उन लोगों और परिस्थितियों से, जो जिंदगी में नकारात्मकता लाती हैं।
- डर लगे तो चिंता न करें - ऐसी बातों को डायरी में लिख लें, कुछ दिनों बाद फिर पढ़ें, पता चलेगा डर बेवजह था।
- डांस करें - डांस फ्लोर पर या अपने कमरे में, पर बेपरवाह दीवानों की तरह डांस करें।
- उगता सूरज देखें - खामोश रहें, गहरी सांसें लें और प्रकृति को शुक्रिया कहें।
- खूब खेलें - ताजा रहेंगे।
- बोल दें - इस दौरान कोई ऐसा शख्स मिलता है, जो आपको खास लगता है तो ईमानदारी से उसे बोल दें, वो समझे या न समझे। सफल न हों तो पॉइंट नंबर 8 पर अमल करें।
- रिव्यू - उन चीजों की तुलना करें, जो पढ़ीं हैं और जिन्हें सीखा है।
- खुश रहें - बिल्कुल दमकते हुए सूरज की तरह।
- कसमें न खाएं - बातें नहीं, बेहतरीन बन कर दिखाएं।
- फिल्में देखें - जिनमें दिल छू लेने वाले डॉयलाग्स हों। जैसे इंग्लिश फिल्में। लैंग्वेज स्किल सुधारने का यह श्रेष्ठ तरीका है।
- सपने देखें - इन्हें पूरा करने के लिए सारी कोशिशें करें।
- अच्छा बर्ताव करें।