
ग्रैबोवो। मिसाइल का निशाना बने मलेशियाई विमान एमएच 17 का मलबा करीब 15 किलोमीटर के दायरे में फैला दिखा। विमान पूर्वी यूक्रेन के ग्राबोवो नामक स्थान पर गिरा। वहां पहुंचे आपात राहत दल के एक सदस्य ने बताया कि करीब सौ शव एकत्र कर लिए गए हैं।
इसके अलावा दर्जनों यात्रियों के क्षत-विक्षत शव इधर-उधर पड़े हैं। विमान के टूटे हुए लाल और नीले रंग के डैने साफ पहचान में आ रहे थे। मलेशियाई एयरलाइन के विमानों में यही रंग इस्तेमाल होते हैं।
जिस इलाके में मलेशियाई विमान गिरा वहां पिछले कुछ समय में यूक्रेन की वायुसेना के दो विमान विद्रोहियों का निशाना बन चुके हैं। गुरुवार को सुबह ही यूक्रेन ने आरोप लगाया था कि रूस ने उसके एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है।
खुद को व्लादिमीर बताने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "मैं अपने ट्रैक्टर पर खेत में काम कर रहा था। तभी धमाके की तेज आवाज सुनी। मैंने देखा कि एक विमान तेजी से जमीन से टकराया और दो टुकड़ों में बंट गया। इसके बाद वहां काला धुआं छा गया।"
यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे एक विद्रोही सर्गेई ने बताया कि उसने बालकनी से एक विमान को आसमान से तेजी से नीचे आते देखा। इसके तुरंत बाद उसने दो धमाकों की आवाज सुनी। सर्गेई के मुताबिक इस तरह से विमान को जमीन से हवा में मार करने वाले मिसाइल के जरिये ही गिराया जा सकता है।
पुतिन ने की ओबामा से बात
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मलेशियाई विमान को मिसाइल हमले में मार गिराने की जानकारी दी। राष्ट्रपति के एयर फोर्स वन में सवार व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जॉन अर्नस्ट ने बताया कि मॉस्को के आग्रह पर यह फोन कॉल कराई गई थी।
रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने बताया कि दोनों शासनाध्यक्षों ने इस घटना पर चर्चा की। नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री मार्क रूट ब्रसेल्स में आयोजित सम्मेलन को बीच में छोड़कर वापस लौट पड़े। नीदरलैंड्स के टूर ऑपरेटरों ने स्थानीय मीडिया को बताया था कि उन्होंने इसी उड़ान के लिए दर्जनों डच नागरिकों की बुकिंग कराई थी।
यूरोप और अमेरिकी शेयर हुए धड़ाम
लंदन। मलेशियाई विमान के मार गिराए जाने की खबर फैलते ही यूरोप के शेयर बाजार एकदम धड़ाम हो गए। अमेरिकी शेयर बाजार में भी रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा यूरोप में पेट्रो और तेल कीमतों में भी तेजी का रुख देखा गया। ब्रिटेन में इनकी कीमतों में पांच फीसद तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दरअसल, निवेशकों को यह डर है कि इस घटना के बाद यूक्रेन और रूस के बीच तनाव बढ़ सकता है।
मलेशियाई विमान हादसा आतंकी घटना प्रतीत हो रही है। हमारी पहली प्राथमिकता विमान में सवार अमेरिकी नागरिकों के प्रति है। अमेरिका इस हादसे की छानबीन में हर तरह की सहायता करेगा। -बराक ओबामा,राष्ट्रपति, अमेरिका
मलेशिशई एयरलाइंस एमएच17 के नाटकीय ढंग से दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से गहरा धक्का लगा है। अभी तथ्यों, हालातों और यात्रियों को लेकर काफी कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। -मार्क रूट, डच पीएम
आतंकियों ने व्लादिमीर पुतिन की दी हुई विमान-रोधी मिसाइल से एक यात्री विमान को मार गिराया। पुतिन और उनके आतंकियों की सनक की सीमा नहीं है। यूरोप, अमेरिका, कनाडा और सभ्य दुनिया अपनी आंखें खोलो और हमारी मदद करो। -एंटन हैराशचेंको, यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार
हमने विमान पर हमला नहीं किया। हम सभी आरोपों को खारिज करते हैं। -विताली चर्किन, संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत
हमारे पास सिर्फ तीन हजार मीटर ऊंचाई तक मार करने वाले हथियार हैं, जबकि विमान इससे ज्यादा ऊंचाई पर था। विमान पर यूक्रेन की सेना ने हमला किया है। -रूस समर्थक एक विद्रोही नेता