
पेरिस। फ्रांस की पुलिस ने इस साल आतंकी हमलों की पांच कोशिशों को नाकाम किया है। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुएल वाल्स ने गुरुवार को बताया कि जनवरी में कार्टून पत्रिका शार्ली अब्दो के दफ्तर और यहूदी रेस्तरां पर हमले के बाद से ऐसे ही पांच हमलों की साजिश नाकाम की गई है।
उन्होंने कहा कि देश को कभी भी इतनी बड़े स्तर पर आतंकी हमले के खतरे का सामना नहीं करना पड़ा। फ्रांस में बुधवार को ही दो चर्च पर हमले की साजिश रच रहे एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया था।
आईएस सबसे बड़ा खतरा
रूस, ईरान या अन्य देशों के मुकाबले अमेरिकी नागरिक आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) को देश के लिए बड़ा खतरा मानते हैं। सीएनएन-ओआरसी के ताजा सर्वे के मुताबिक 68 फीसद लोग आईएस को गंभीर खतरा मानते हैं। ईरान को 39 फीसद और उत्तर कोरिया को 32 फीसद अमेरिकी बड़ा खतरा मानते हैं। सर्वे में शामिल 25 फीसद लोगों की नजर में अमेरिका के लिए रूस सबसे बड़ा खतरा है।
इस्लामिक सेंटर बंद
आतंकवादियों को पनाह देने, हिंसक गतिविधियों में लिप्त होने जैसे विवादों में घिरा ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का अल-फरकान इस्लामिक सेंटर आखिरकार बंद हो गया। सेंटर ने अपनी वेबसाइट पर यह सूचना दी है। हाल ही में युद्ध स्मारक पर हमले की साजिश रचने वाले आरोपी और आईएस के लिए ऑस्ट्रेलिया में भर्ती करने वाला नील प्रकाश भी इस सेंटर में आ चुका है।