एजेंसी, ब्रसेल्स। बेल्जियम की सरकार ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि भारत में 14,000 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले का मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी बेल्जियम में ही है। हालांकि यह नहीं बताया गया कि वह किस शहर में है।
बेल्जियम सरकार के प्रवक्ता ने आधिकारिक रूप से बताया कि मेहुल चोकसी के खिलाफ चल रहे केस पर भी वहां की सरकार की नजर है। हालांकि प्रवक्ता ने यह नहीं बताया कि उसे भारत भेजने को लेकर क्या प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
हालांकि, अधिकारी ने भारत के सबसे वांछित भगोड़े व्यवसायी चोकसी के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। चोकसी और उसका भतीजे नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए भारत में वांटेड है।
दोनों पर बैंक को 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। नीरव मोदी वर्तमान में लंदन की जेल में बंद है और भारत में अपने प्रत्यर्पण का विरोध कर रहा है।
यहां भी क्लिक करें - Nirav Modi और Mehul Choksi के 1350 करोड रुपए के हीरे-जवाहरात भारत लाए गए
इस बीच, समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, भारतीय अधिकारियों ने बेल्जियम के अधिकारियों से मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण की पहल करने का अनुरोध किया है। हालांकि, नई दिल्ली द्वारा इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि चोकसी वर्तमान में बेल्जियम का निवास कार्ड हासिल करने के बाद अपनी पत्नी प्रीति के साथ बेल्जियम के एंटवर्प में रह रहा है। प्रीति को बेल्जियम की नागरिक माना जाता है।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि चोकसी ने भारत में प्रत्यर्पण से बचने के लिए बेल्जियम में शरण लेने के लिए फर्जी दस्तावेज दिए। चोकसी ने बेल्जियम के अधिकारियों को जाली दस्तावेज सौंपे और आवेदन प्रक्रिया में अपनी राष्ट्रीयता को गलत तरीके से पेश किया, साथ ही भारत और एंटीगुआ की अपनी मौजूदा नागरिकता को छुपाया।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चोकसी एक बड़े कैंसर अस्पताल में इलाज के लिए स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है।