
लंदन। सेल्फ ड्राइविंग भूल जाइए, मर्सिडीज की इस कार को चलाने से खुद को नहीं रोक पाएंगे आप। यह इलेक्ट्रॉनिक कार एक बार पूरी तरह से चार्ज करने के बाद आप 320 किमी की दूरी 750 हॉर्स पॉवर के साथ तय कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि इसे देखने के बाद आप कार खुद चलाने से खुद को नहीं रोक पाएंगे। छह मीटर लंबी इस कार के बारे में कंपनी ने बताया कि यह आपके आईफोन से अधिक तेजी से चार्ज होती है। मर्सिडीज की इस कार का नाम मर्सिडीज मेबैक-6 है, जो शायद इसके छह मीटर लंबे होने के कारण रखा गया है। चार सेकंड में यह कार 96 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। 62 मील की दूरी कवर करने के लिए इसे चार्ज करने में पांच मिनट का समय लगता है। करीब इतना समय तो मोबाइल चार्ज करने में भी लगता है। कैलिफोर्निया में कार के लॉंच के दौरान डायमलर एजी हेड ऑफ डिजाइन गॉर्डन वेगेनर ने कहा कि पिछले 130 सालों से लोग ड्राइविंग का लुत्फ उठाते चले आ रहे हैं और अगले 130 सालों तक वे ऐसा ही करते रहेंगे।