
अरकंसास। हर माता-पिता अपने बच्चों की ख्वाहिश पूरी करने की कोशिश करते हैं। मगर, कुछ ही माता-पिता अपने बच्चों में संस्कार भर पाते हैं। जब संस्कारों से भरा कोई बच्चा मां-बाप के परवरिश में कमी की बात नहीं करता है और उनके काम में हाथ बंटाता है, तो यह निश्चित ही माता-पिता के लिए गर्व का पल होता है।
अमेरिका में रहने वाली पांच बच्चों की एक मां कसैंड्रा लेन के लिए भी उस वक्त गर्व का पल आया, जब उन्हें उनके बेटे ने परवरिश का असली मतलब सिखाया। महिला ने अपने और बेटे के बीच हुई पूरी बातचीत को अपने फेसबुक अकाउंट पर भी शेयर कर दिया। कसैंड्रा की ये पोस्ट वायरल हो गई है और अब तक इसे 47 हजार से ज्यादा लोग शेयर कर चुके हैं।
दरअसल, महिला ने बच्चे के नाखूनों में कालिख देखी। उस वक्त वह बेटे जेक की इयरबुक के लिए तस्वीर खिंचवाने के लिए ले जा रही थी। तब कसैंड्रा ने उससे पूछा कि तुम्हारे हाथ काले क्यों हो गए हैं। जेक ने बताया कि वह हफ्ते 30 से 40 घंटे भारी गर्मी के बीच काम कर रहा था। कसैंड्रा ने कहा मुझे जेक के लिए बहुत दुख हुआ, मुझे लगा कि मैं अपने बच्चों की सही से परवरिश नहीं कर पा रही हूं।
मैं उन्हें वह सब कुछ नहीं दे पा रही हूं, जो एक पैरेंट को अपने बच्चों को देना चाहिए। एक दिन मैं बेटे के पास गई और जाकर उससे माफी मांगी, लेकिन वो मुझ पर हंसने लगा। फिर उसने मुझसे कहा कि आप माफी क्यों मांग रही हैं? ये आपने ही तो मुझे सिखाया है कि जो चीज पाना है, उसके लिए कड़ी मेहनत करो। मुझे पता है कि पैसा कैसे कमाया जाता है, साथ ही मुझे ये भी पता है कि मैं हर वो चीज नहीं पा सकता जो कि मुझे चाहिए।
उसने कहा- मम्मी अगर आप दूसरों से तुलना कर रही हो और आपको लगता है कि आपकी परवरिश में कोई कमी रह गई है, तो आप एक बात समझ लो कि ईश्वर ने आपको जो बच्चे दिए हैं, वो इसलिए दिए हैं क्योंकि वो चाहता था कि आप उनकी मम्मी बनें, न कि कोई और। तब मुझे जेक पर बहुत गर्व हुआ।
इस बैरक 12 में रखे जाएंगे विजय माल्या, जानें कैसी सुविधाएं हैं हाई प्रोफाईल जेल में
जेक इस बात से जरा भी निराश नहीं था कि उसे जीवन में क्या नहीं मिल रहा है। वह इस बात से खुश था कि उसके पास एक फैमिली है, जिसने उसे सिखाया कि जिंदगी में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण क्या है। आखिरी में कसैंड्रा ने लिखा कि हो सकता है कि हम अपने बच्चों की सारी ख्वाहिशें पूरी न कर सकते हों। मगर, हम उन्हें जरूरी प्यार और भावनात्मक सपोर्ट तो दे ही सकते हैं और सच ये है कि यही सबसे जरूरी सबक है, जो हम उन्हें सीखा सकते हैं और जो जिंदगी भर उनके काम आता है।
अमेरिका में रहने वाली कसैंड्रा के घर में पति ब्रेंडन लेन के अलावा पांच बच्चे भी हैं। जिनके खर्चों को संभालना इस फैमिली के लिए थोड़ा मुश्किल पड़ता है। मगर, जेक की बातों को सुनने के बाद कसैंड्रा का अपनी पैरेंटिंग को लेकर आत्मविश्वास बहुत बढ़ गया। कसैंड्रा ने यह पोस्ट 13 जुलाई को फेसबुक पर लिखी थी।