
वाशिंगटन। गुजरात की एक कोयला खदान में नाजुक तरीके से संरक्षित 25 छोटी अस्थियां मिली हैं। अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं के मुताबिक, ये स्तनधारी जीवों की सबसे प्राचीन अस्थियां हो सकती हैं।
ये अस्थियां चूहे के आकार वाले और पेड़ों पर चलने वाले स्तनधारी जीवों से संबंधित हैं। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के केनेथ रोज ने बताया, "दुनिया के अन्य हिस्सों से मिली स्तनधारी जीवों की अस्थियां मुख्य रूप से दो स्तनपायी समूहों से संबंद्ध हैं।
वहीं गुजरात में मिली अस्थियां इनसे अलग हैं।" शोधकर्ताओं ने अध्ययन में पाया है कि ये अस्थियां बेहद शुरुआती स्तनधारी जीवों की हैं। सभी अस्थियां जीवों के गले से नीचे की हैं।
ये अस्थियां तकरीबन 5.45 करोड़ साल पहले की हैं। रोज ने कहा, "ये अस्थियां अब तक की सर्वाधिक शानदार तरीके से संरक्षित अस्थियां हैं। हालांकि अभी इस बात के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले हैं कि ये जीव कब और कहां से भारत आए।"