
ब्रिटेन। सात मिनट की पावर नैप लेने के लिए '3 इडियट्स' के वीरू सहस्त्रबुद्धे का मजाक उड़ाया जाता है। कम ही लोग जानते होंगे कि अल्बर्ट आइंस्टीन, आईजक न्यूटन और लियोनार्डो दा विंची जैसी शख्सियतें अपने काम को बेहतर बनाने के लिए ऐसा करते थे।
इसलिए यदि आप भी काम के दौरान नींद लेते हैं और आपका बॉस आपको पकड़ लेता है, तो उन्हें इस रिसर्च के बारे में बताएं। जिसमें कहा गया है कि जो लोग काम के दौरान झपकी लेते हैं, वे अन्य कर्मचारियों की तुलना में अधिक प्रोडक्िटव होते हैं।
यदि काम करने के दौरान आप कभी भी थकान महसूस करते हैं या नींद महसूस करते हैं, तो 30 मिनट का एक पावर नैप लें। इससे आपको वह ऊर्जा मिलेगी, जिससे आप अपने काम को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे।
नासा ने भी पाया है उपयोगी
नासा ने पाया है कि पावर नैप से उनके अंतरिक्ष यात्रियों का प्रदर्शन बेहतर होता है। कई कंपनियों ने अब इस फैक्ट को स्वीकार कर लिया है और उन्होंने अपने ऑफिस में 'नैप जोन्स' बनवाएं हैं। गूगल ने नैप पॉड्स अपने ऑफिस में बनवाया है और न्यूज वेबसाइट हफिंगटन पोस्ट की संस्थापक एरिएना हफिंगटन भी पावर नैप की समर्थक हैं।
हफिंगटन एक बार अचानक अपने ऑफिस में गिर गई थीं और इससे उनकी चीक बोन टूट गई थी। पाया गया कि नींद पूरी नहीं होने के कारण उनके साथ ऐसा हुआ था। उसके बाद से उन्होंने फैसला किया कि वह अपने कर्मचारियों को नींद लेने में मदद करेंगी। फिर चाहें वे ऑफिस में ही क्यों न सोना चाहें।