
दुबई। सऊदी अरब में इसी हफ्ते शुरू हुई एक टीवी सीरीज 'सेल्फी' को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कार्यक्रम में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट की खिल्ली उड़ाने के साथ ही उसकी नापाक हरकतों पर तंज कसे जा रहे हैं। शो के अहम किरदार और सऊदी अरब के कॉमेडियन नसेर अल कसाबी के 45 मिनट के इस व्यंग्यात्मक टीवी शो को अरब जगत में खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं, कई लोगों ने इस पर आपत्ति दर्ज की है।
उधर, मीडिया रिपोर्ट में आ रही खबरें के अनुसार आतंकी शो से इस कदर बौखला गए हैं कि उन्होंने कसाबी का सिर कलम करने की धमकी ट्वीट कर दी है। कसाबी के इस व्यंग्यात्मक टीवी शो को को खुद सऊदी अरब का सरकारी टीवी चैनल मिडल ईस्ट ब्रॉडकास्टिंग सेंटर (एमबीसी) प्रसारित कर रहा है।
यह भी पढ़ें : आईएस ने तीन तरीकों से बंधकों की बर्बर हत्या को दिया अंजाम
आईएस द्वारा दी जा रही यातना और हत्या करने के तरीकों को अल कसाबी हास्यास्पद तरीके से शो में दिखाते हैं। उन्होंने आतंकी संगठन के 'सेक्स जिहाद' का भी जमकर मजाक बनाया है। कई लोगों ने इस शो पर आपत्ति दर्ज की है। कुछ ने अल कसाबी को अपना मजहब छोड़ने वाला बताया है।
यह भी पढ़ें : अमेरिका ने की फ्रांसीसी राष्ट्रपतियों की जासूसी : विकिलीक्स
वहीं, सऊदी अरब के एक मौलवी ने कहा है कि अल कसाबी शो के जरिए धर्म का मजाक बना रहे हैं। उन्होंने अपने शो में दिखाया कि कैसे नृशंस हत्याओं को अंजाम देने के बाद आईएस के आतंकी सेक्स गुलामों के साथ हम बिस्तर होकर खुद को पवित्र होना बताते हैं।