
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड की संसद के अध्यक्ष ट्रेवर मैलार्ड की एक तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। इसे उन्होंने अपने ट्विटर एकाउंट पर शेयर किया था। इस तस्वीर में वह संसद की कार्रवाई के दौरान एक सांसद तमाटी कॉफी के लड़के को दूध पिलाते दिख रहे हैं। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में स्पीकर की कुर्सी पर बैठकर ट्रेवर ने बोतल से सासंद के बेटे को दूध पिलाया। उनके इस जेस्चर की सोशल मीडिया में तारीफ भी हो रही है।
इस तस्वीर को ट्विटर पर शेयर करते हुए ट्रेवर ने लिखा- आमतौर पर स्पीकर की कुर्सी केवल पीठासीन अधिकारी ही बैठते हैं, लेकिन आज एक वीआईपी ने मेरे साथ कुर्सी साझा की है। @tamaticoffey और टिम आपके परिवार के सबसे नए सदस्य को बधाई। तमाटी ने जुलाई में अपने बेटे तूतनकेई स्मिथ के जन्म की घोषणा की थी। बच्चे का जन्म सरोगेट मदर के जरिए हुआ था।
बच्चे के जन्म के बारे में एक ट्वीट में कॉफी ने लिखा था- वह और उसकी जीवन साथी "जीवन के इस चमत्कार से अभिभूत" थे। बुधवार को कॉफी ने पितृत्व अवकाश से लौटने के बाद पहली बार अपने बच्चे के साथ संसदीय बहस में भाग लिया।
Normally the Speaker’s chair is only used by Presiding Officers but today a VIP took the chair with me. Congratulations @tamaticoffey and Tim on the newest member of your family. pic.twitter.com/47ViKHsKkA
— Trevor Mallard (@SpeakerTrevor) August 21, 2019
सत्र के दौरान तीन बच्चों के पिता मैलार्ड ने स्पीकर की भूमिका के साथ बेबी सिटर की भूमिका भी निभाई। कॉफी ने बताया कि उन्हें सदन के अपने सहयोगियों से वास्तव में समर्थन दिया। वह अपने बच्चे को संसद में लाने वाले नवीनतम सांसद हैं। बताते चलें कि इससे पहले दुनियाभर में कई नेता अपने नवजात शिशुओं को संसद में ला चुके हैं।
लिबरल डेमोक्रेट नेता जो स्विन्सन ने साल 2018 में अपने बच्चे के साथ एक बहस में भाग लिया था। साल 2017 में संसद में स्तनपान कराने के बाद ऑस्ट्रेलियाई सीनेटर लारिसा वाटर्स भी सुर्खियों में आ गई थीं। पिछले साल सितंबर में न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डेन ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में अपने बच्चे के साथ भाषण देकर इतिहास रच दिया था।