
लंदन। ब्रिटेन में 7 मई को हुए आम चुनाव में अपने प्रचार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) को बंद करवा देने की चेतावनी दी थी।
दरअसल, चुनाव अभियान के दौरान अपनी 'बैटल बस' में यात्रा करने के दौरान कैमरन और पत्रकारों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसी दौरान कैमरन धमकी दी थी 'चुनाव के बाद बीबीसी बंद करवा दूंगा'।
कैमरन की इस कथित टिप्पणी के बाद उनकी कंजरवेटिव पार्टी और बीबीसी के बीच विवाद बढ़ गया था। यह खुलासा बीबीसी के पॉलिटिकल एडिटर निक रॉबिनसन ने किया है। उन्होंने कहा कि कैमरन की इस टिप्पणी के बाद बीबीसी के कर्मचारी दबाव में आ गए थे।
यह भी पढ़ें : स्टूडेंट्स को दिया ऐसा होमवर्क, जिसकी पूरे देश में हो रही चर्चा
रॉबिनसन ने कहा कि मैं यह तो नहीं कह सकता कि कैमरन ने ऐसा मजाक में कहा था या वास्तव में उन्होंने चेतावनी दी थी। पॉलिटिकल एडिटर ने कहा कि कैमरन बीबीसी की एक खबर से खफा थे।
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि कैमरन ने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के पूर्व नेता निक क्लेग से कंजरवेटिव पार्टी को बहुमत नहीं मिलने की बात कही थी। हालांकि, चुनाव में उनकी पार्टी बहुमत हासिल करने में कामयाब रही थी।