काठमांडू। नेपाल के पर्वतारोही निर्मल पुरजा ने एक दुर्लभ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। निर्मल पुरजा ने मंगलवार को दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों को सबसे कम समय में फतह किया है। पर्वतारोही पुरजा ने अपनी इस उपलब्धि को सोशल मीडिया पर साझा किया है।
निर्मल पुरजा ने 8,000 मीटर से दुनिया की सबसे ऊंची 14 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई के लक्ष्य को सिर्फ सात महीने में हासिल कर लिया। निर्मल ने अपने फेसबुक पेज पर अपनी उपलब्धि को इस तरह बयां किया, 'मिशन एचीव्ड'। इसमें उन्होंने चीन की आखिरी चोटी शीशपंगमा को फतह करने का भी उल्लेख किया है।निर्मल पुरजा से पहले पोलैंड के पर्वतारोही जेरेज कुकुक्जा ने साल 1987 में यह रिकॉर्ड कायम किया था। उनको यह उपलब्धि हासिल करने में सात साल 11 महीने और 14 दिनों का वक्त लगा था। निर्मल ने हाल में एक साक्षात्कार में कहा था कि जब उन्होंने पहली बार अपनी इस महत्वाकांक्षी योजना के बारे में लोगों को बताया था तो वे उनके पर हंसने लगे थे। उन्होंने कहा कि यह कैसे संभव होगा? निर्मल ने कहा, हमको अपनी क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए और हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण से आगे बढ़ना चाहिए।
निर्मल पुरजा अप्रैल में शुरू किया था अभियान
ब्रिटिश सेना में काम कर चुके 36 साल के निर्मल ने अप्रैल में 'प्रोजेक्ट पॉसिबल' की शुरुआत की थी। इसके पहले चरण में उन्होंने अन्नपूर्णा, धौलागिरि, कंचनजंगा, एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू पर्वत पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। दूसरे चरण में वह पाकिस्तान की यात्रा पर गए, जहां उन्होंने 8,125 मीटर ऊंचे नंगा पर्वत की सफल चढ़ाई की। सितंबर में चो ओयू और मनासलु चोटी को उन्होंने एक सप्ताह में ही फतह कर लिया था।
रायटर के मुताबिक, निर्मल पुरजा ने मई में एवरेस्ट पर पर्वतारोहियों की भीड़ की एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद नेपाल सरकार को एवरेस्ट पर भीड़ घटाने के लिए चढ़ाई के नियम बदलने पड़े थे।