
टोक्यो। जापान में हुए एक सर्वे के जो परिणाम निकलकर आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। जापान के हर पांचवें आदमी को काम का प्रेशर या कहें वर्क ओवरलाेड के कारण मौत का खतरा है। यह आंकड़े यहां के वर्क कल्चर की ओर भी इशारा करने के लिए काफी हैं। सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक हर वर्ष यहां पर करीब सौ मौत वर्क आेवरलोड की वजह से होती हैं। इसमें काम का प्रेशर न झेल पाने की वजह से लोग सुसाइड तक कर लेते हैं।
इसके अलावा हार्ट अटैक और दौरा पड़ने से भी उनकी मौत हो जाती है। यहां के इसी वर्क कल्चर को बदलने के अब एक मुकदमा भी दायर किया गया है, जिसमें सरकार से इसमें तुरंत सुधार करने की अपील भी की गई है।
इसमें कहा गया है कि देश का हर पांचवा व्यक्ति काम के प्रेशर के चलते मौत के करीब जा रहा है। यह कहना भी गलत नहींं होगा कि यहां का हर पांचवांं आदमी ओवरलोड की वजह मौत के आगोश में चला जाता है।
इस रिपोर्ट में यहां तक कहा गया है कि काम करने वाले ज्यादातर लोग अपने घर जाने की बजाए मजबूरन ऑफिस में अधिक समय गुजारते हैं। इसके बाद उन्हें आखिरी ट्रेन लेकर घर पहुंचना होता है।
इस दौरान थकान, तनाव होना आम बात है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भले ही यह माॅॅर्डन इकनॉमी का एक पार्ट है, लेकिन यह बेहद भयानक और खतरनाक है।
दिसंबर 2015 और जनवरी 2016 में कंपनियों ने इस बाबत सर्वे कराया, जिसमें यह बात सामने निकलकर आई कि लगभग सभी एंप्लाई हर माह करीब 80 घंटे ओवरटाइम करते हैं। यही वजह है कि काम के प्रेशर की वजह से वह खुद को मौत के मुंह में झौंक देते है या फिर गंभीर बीमारियों का शिकार हो जातेे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 21.3 फीसद जापानी कर्मी एक सप्ताह में करीब 49 या इससे अधिक घंटे काम करता है। वहीं 12.5 अमेरिका में यह आंकड़ा 12.5 फीसद, ब्रिटेन में 10.5 फीसद है।