
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को कहा कि नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप से करीब 50 हजार गर्भवती महिलाएं प्रभावित हो सकती हैं। इस आपदा में 10 हजार लोगों के मरने की आशंका है जबकि करीब 80 लाख जिंदगियों पर असर पड़ा है।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) के प्रारंभिक अनुमान से जाहिर होता है कि भूकंप प्रभावित नेपाल में जीवित बचे लोगों में लगभग 50 हजार गर्भवती महिलाएं और लड़कियां हो सकती हैं।
इसमें बताया गया है कि आपदा के चलते गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व देखभाल, सुरक्षित प्रसव और आपातकालीन प्रसुति समेत जरूरी मातृ स्वास्थ्य सेवाओं प्रभावित हुईं। संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों के लिए लैंगिक हिसा और दूसरे खतरे भी गंभीर हुए होंगे।
एशिया तथा प्रशांत क्षेत्र के लिए यूएनएफपीए की मानवतावादी समन्वयक प्रिया मारवाह का कहना है कि 'उथल-पुथल और आपदा की स्थिति में गर्भावस्था से संबंधित मौतें और लिंग आधारित हिंसा में काफी इजाफा हो जाता है।' मारवाह के मुताबिक ऐसे माहौल में कई महिलाएं स्थानीय प्रसव स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच नहीं पाती हैं और बिना किसी सुरक्षित प्रसव व्यवस्था तथा जीवनरक्षक सेवा के खराब हालात में बच्चे को जन्म देती हैं।
उन्होंने बताया कि यूएनएफपीए नेपाल में ऐसी जरूरतमंदों के लिए सरकार और मानवतावादी साझीदारों के साथ सहयोग कर रही है। आपातकालीन कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं और प्रभावित इलाके में प्रजनन संबंधी स्वास्थ्य उपकरण भेजे जा रहे हैं।
नेपाल में शनिवार को आए शक्तिशाली भूकंप और उसके बाद लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स में अब तक क़रीब 4,347 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, मलबे में दबे लोगों के निकाले जाने के साथ ही इस संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है।