
जेद्दा। सऊदी अरब में कई महीनों से 25 भारतीय फंसे हुए हैं। ये लोग एक निर्माण कंपनी में काम कर रहे थे, लेकिन कंपनी ने श्रम कानूनों के उल्लंघन के तहत लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं किया, जिसकी वजह से ये भारत नहीं आ पा रहे हैं। हालांकि, भारतीय दूतावास ने इनके जल्द ही स्वदेश लौटने की उम्मीद जताई है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सऊदी अरब स्थित श्रम मंत्रालय ने कंपनी पर 24 हजार डॉलर (करीब 15 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया है। पिछले साल फरवरी में 62 श्रमिकों को भारत से बुलाकर संविदा पर रखा गया था। लेकिन कंपनी इन लोगों को परमिट नहीं दिला पाई। जुलाई के बाद से 37 भारतीयों को दो बार में भारत वापस भेजा जा चुका है। इन लोगों के पास फिलहाल कोई काम नहीं है, इसलिए फंस गए भारतीयों को भारतीय वाणिज्य दूतावास भोजन मुहैया करा रहा है। भारतीय महावाणिज्य दूत बीएस मुबारक ने बताया, "हम कंपनी के संपर्क में हैं। हम श्रमिकों की हरसंभव मदद कर रहे हैं।"