Paramjit Singh Panjwar: खालिस्तान कमांडो फॉर्स प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार की लाहौर में गोली मारकर हत्या
लाहौर में खालिस्तान कमांडो फॉर्स (KCF) प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Sat, 06 May 2023 05:15:13 PM (IST)
Updated Date: Sat, 06 May 2023 05:15:13 PM (IST)

Paramjit Singh Panjwar: पाकिस्तान के लाहौर में खालिस्तान कमांडो फॉर्स (KCF) प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सुबह 6 बजे जब परमजीत सिंह पंजवार मॉर्निंग वॉक पर जा रहा था, तब मोटर साइकिल पर आए 2 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, परमजीत सिंह पंजवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक हमलावर भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पंजवार यहां के जौहर टाउन इलाके में रह रहा था।
कौन था परमजीत सिंह पंजवार?
परमजीत सिंह पंजवार का नाम भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल था। इस पर आरोप है कि वो ड्रोन के जरिए भारत के पंजाब में ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई करता था। ये परमजीत सिंह पंजवार मूल रूप से पंजाब के तरनतारन के पास पंजवार गांव का रहने वाला है। यहीं उसका जन्म हुआ था। खालिस्तान कमांडो फॉर्स (KCF) में शामिल होने से पहले वह एक बैंक में काम करता था।
चचेरे भाई ने बनाया खालिस्तान समर्थक
बताया जाता है कि परमजीत सिंह पंजवार को कट्टर खालिस्तान समर्थक बनाने के पीछे उसके चचेरे भाई लाभ सिंह का हाथ था। यह घटनाक्रम 1986 का है। 1990 में लाभ सिंह एनकाउंटर में मारा गया, जिसके बाद परमजीत सिंह पाकिस्तान आ गया। उसकी पत्नी और बेटा जर्मनी में रहते हैं, जबकि वह पाकिस्तान में रहकर भारत के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां करता रहता है। पाकिस्तान सरकार उसके छिपे होने से इनकार करती रही है।