
लाइफस्टाइल डेस्क। दुनिया में नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि कभी-कभी वे अपने आप में एक पहेली बन जाते हैं। न्यूजीलैंड के नॉर्थ आइलैंड में स्थित एक पहाड़ी इसी का सबसे बड़ा उदाहरण है। इसका नाम 85 अक्षरों का है, जिसे पढ़ते ही किसी का भी सिर चकरा जाए। Taumatawhakatangihangakoauauotamateaturipukakapikimaungahoronukupokaiwhenuakitanatahu- यही इस हिल स्टेशन का नाम है।
अपनी इस अद्भुत विशिष्टता के कारण इस जगह का नाम 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दुनिया के सबसे लंबे नाम के रूप में दर्ज है। आम बोलचाल में लोग इसे टॉम्टा हिल (Taumata Hill) कहते हैं।
इस लंबे नाम का संबंध माओरी संस्कृति के एक महान योद्धा टामेटेआ से है। इस 85 अक्षरों के नाम का अर्थ बेहद काव्यात्मक है। इस नाम का अर्थ है- “उस चोटी पर जहां टामेटेआ, बड़े घुटनों वाला आदमी, पहाड़ों पर चढ़ने वाला, धरती को निगलने वाला, जो घूमता रहा, जहां उसने अपनी प्रेमिका के लिए अपनी बांसुरी बजाई।”
हॉक्स बे क्षेत्र में स्थित यह पहाड़ी लगभग 305 मीटर ऊंची है। यहां की विशेषताएं इसे खास बनाती हैं। यह पहाड़ी चारों ओर फैले मखमली हरे-भरे खेतों और शांत वातावरण से घिरी हुई है। यहां भारतीय पर्यटकों की संख्या काफी अधिक रहती है।
इसका एक बड़ा कारण यहां मिलने वाला बेहतरीन शाकाहारी भोजन और सुकून भरा माहौल है। लोग न केवल यहां की हरियाली देखने आते हैं, बल्कि इस ऐतिहासिक नाम के साथ फोटो खिंचवाने और माओरी लोककथाओं को जानने के लिए भी उत्सुक रहते हैं।