
लंदन। मेडिकल चेकअप के लिए लंदन गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की ओपन हार्ट सर्जरी मंगलवार को होगी। इसकी सूचना मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया और शरीफ के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया, 66 वर्षीय शरीफ को डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी की सलाह दी है। लिहाजा इसके बाद भी वह अस्पताल में एक हफ्ते तक रहेंगे। एक हफ्ते के बाद ही डॉक्टर से सलाह लेकर नवाज शरीफ यात्रा कर सकेंगे।
शरीफ की बेटी मरियम शरीफ ने भी ट्विटर पर इस बात की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट किया कि दुआ का सबसे ज्यादा असर होगा और अच्छी दवाओं का भी। लाखों लोग जब उनके लिए दुआ करेंगे तो वह अच्छे हो जाएंगे।
राष्ट्रगान अपमान मामले में फारूक अब्दुल्ला के बचाव में आए उमर
मरियम ने अपने पिता की बीमारी का ब्योरा देते हुए बताया कि वर्ष 2011 में शरीफ के दिल का ऑपरेशन हुआ था। मंगलवार को ऑपरेशन से पहले तीन दिनों तक उन्हें कुछ विशेष दवाइयां दी जाएंगी। स्वास्थ्य के कारणों से शरीफ की ये कुछ ही हफ्तों में दूसरी लंदन यात्रा है। वह 22 मई को चेकअप के लिए लंदन गए थे।