
मैड्रिड। भारतीय मूल के एक सिख की तस्वीर स्पेन के सबसे प्रतिष्ठित अखबार ने फ्रंट पेज पर छापकर उसे पेरिस हमले में शामिल बताया। लेखक और एक्टिविस्ट वीरेंदर जुबाल कनाडा में रहते हैं और कभी पेरिस नहीं गए।
बावजूद इसके उन्हें पेरिस हमलों में शामिल आतंकी करार दे दिया गया। हालांकि, बाद में अखबार को समझ आ गया कि उसे गलत जानकारी मिली है और उसने माफी भी मांगी।
दरअसल, जुबाल हाथ में एक आईपैड लिए हुए थे। उनकी तस्वीर में छेड़-छाड़ करके आईपैड को कुरान में बदल दिया और उन्हें आत्मघाती जैकेट पहने हुए दिखाया गया था। फोटो में कुरान और सुसाइड जैकेट को फोटोशॉप के जरिये डाला गया है। यह तस्वीर फ्रांस हमले के बाद तेजी से फैल गई।
यह भी पढ़ें : पेरिस हमला ब्लंडर : फरार आतंकी को पुलिस ने रोका, फिर जाने दिया
इसके बाद स्पेन के सबसे बड़े अखबार La Razón के साथ ही इटली के दो अखबारों में भी जुबाल की तस्वीर बतौर आतंकी पेश की गई। इतना ही नहीं इटली के एक चैनल ने भी इस तस्वीर को अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट कर दी, जिसके करीब 20 लाख फालोअर्स हैं।
स्पेनिश अखबार में खबर छपने के बाद कई साइट्स ने जुबाल के पेरिस हमले में शामिल होने वाली खबर पोस्ट की। इसके चलते जुबाल के खिलाफ कई आपत्ितजनक टिप्पणियां की गईं।
यह भी पढ़ें : पेरिस हमला : गलती से तहखाने में गईं महिलाएं, बच गई जान
खुद भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले जुबाल को जब इसका पता चला, तो उन्होंने ट्वीट किया- ‘फोटोशॉप इमेज के कारण मैं वायरल हो गया, इसमें मुझे आतंकवादी बताया जा रहा है।’ टि्वटर पर उनके करीब 10,000 फॉलोअर्स हैं।
उन्होंने आगे लिखा, ‘मेरी यह तस्वीर स्पेन के एक बड़े अखबार में छपी है, जिसमें मुझे पेरिस हमले में शामिल आतंकी बताया गया है।’ वैसे स्पेनिश अखबार ने जुबाल से टि्वटर पर माफी मांग ली है, लेकिन उनसे संबंधित यह खबर इटली सहित कई यूरोपियन साइट्स पर अब भी चल रही है।