
बगदाद। बेहद गर्म इलाकों में पानी मिलना मुश्किल होता है तो बर्फ कहां से आएगी, लेकिन इराक में एक बार फिर बेहद ही दुर्लभ नजारा देखने को मिला है। एक दशक से ज्यादा समय बाद इराक में मौसम बदला है और पूरी राजधानी बगदाद बर्फ की चादर से ढक गई है। देश में मौसम के बदलाव ने राजधानी समेत अनेक इलाकों की तस्वीर ही बदल दी। सरकार के खिलाफ लगातार चले विरोध प्रदर्शनों से त्रस्त राजधानी वासियों को मंगलवार सुबह दूर-दूर तक सफेद बर्फ से ढकी जमीन दिखाई दी। खूबसूरत नजारा देख लोग बर्फ के साथ तस्वीरें लेने लगे और बच्चों के लिए बर्फ के गोले खिलौने बन गए।
इराक की यह बर्फबारी सदी की सबसे शानदार बर्फबारी कही जा रही है। पिछली दफा 2008 में बर्फबारी तो हुई थी, लेकिन वह ऐसी नहीं थी। मौसम विभाग के अनुसार, बर्फबारी का यह सिलसिला बुधवार को भी बना रह सकता है। आमतौर पर इराक में भीषण गर्मी का प्रकोप ज्यादा रहता है। हाल के वर्षों में गर्मी में बगदाद का तापमान 51 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। फिलहाल बर्फ की सफेद चादर राजधानी समेत अनेक शहरों के अलावा शिया समुदाय के पवित्र शहर कर्बला में भी देखी जा सकती है।
इराक के लोगों के अनुसार, यह पहली बार है जब उन्होंने बर्फबारी का ऐसा नजारा देखा है। हालांकि, इराक में बर्फबारी होती है लेकिन यह देश के उत्तरी हिस्से में आम है। यहां मोसूल में कई बार बर्फबारी देखने को मिल जाती है लेकिन देश के मध्य के हिस्से में बर्फबारी होना अनोखा नजारा है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में इराक में मौसम ने बेहद ही अजीब तरीके से बदलाव दिखाए हैं।
"Residents of #Baghdad wake up to rare snowfall ❄️" #Iraq https://t.co/ft5H9Q9vPv
— Andrew Adam-Bradford (@aab2038) February 11, 2020