
एजेंसी, डेजॉन। दक्षिण कोरिया के डेजॉन शहर की एक कार पार्ट्स फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार को भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत की खबर है। 59 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 25 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
हादसे के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई, जिससे बचाव कार्य में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार आग दोपहर के समय लगी। फैक्ट्री में करीब 170 कर्मचारी काम कर रहे थे। कई कर्मचारियों को जान बचाने का मौका ही नहीं मिला। तेजी से फैली आग ने लगभग 69 कर्मचारियों को चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया।
समाचार एजेंसी के मुताबिक बचाव दल ने जल्द ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया, जिसमें एक शव दूसरी मंजिल से और तीन शव तीसरी मंजिल से बरामद किए हैं। बचाव दल अभी भी चार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
फैक्ट्री में करीब 200 किलोग्राम सोडियम रखा था, जिससे विस्फोट का खतरा बना रहा। इमारत के ढहने की आशंका से बचाव दल को अंदर जाने में कठिनाई हुई, जिससे राहत कार्य में देरी भी हुई।
ली जे म्युंग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को तत्काल सभी संसाधन जुटाकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।